बिहार में शिक्षकों के ट्रांसफर का काउंटडाउन शुरू, 15 सितंबर तक बदल जाएगा वर्कप्लेस
बिहार में शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया का काउंटडाउन शुरू हो गया है, जिसके तहत 15 सितंबर तक एक हजार से अधिक शिक्षकों के कार्यस्थल बदल जाएंगे।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
शिक्षक स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू, 15 सितंबर तक बदलेंगे कार्यस्थल।
बांका में 1000 से अधिक शिक्षकों का होगा स्थानांतरण।
गंभीर बीमारी वाले शिक्षकों के मेडिकल प्रमाण पत्रों की जांच जारी।
जागरण संवाददाता, बांका। शिक्षक स्थानांतरण प्रक्रिया का काउंटडाउन शुरू हो गया है। संबंधित शिक्षकों के ई-शिक्षा कोष पर भी स्थानांतरण प्रक्रिया से जुड़ी गतिविधियां दिखाई देने लगी हैं।
विभागीय कार्यक्रम के अनुसार, अगले सप्ताह तक जिले के एक हजार से अधिक शिक्षकों के विद्यालय बदलने की संभावना है। 14 सितंबर के बाद अधिकांश स्कूलों में शिक्षकों के नए चेहरे नजर आने लगेंगे।
विभागीय पत्र के अनुसार 10 से 14 सितंबर के बीच सरप्लस और पारस्परिक स्थानांतरण वाले शिक्षकों को उनके ई-शिक्षा कोष पर विकल्प के आधार पर विद्यालय आवंटन से संबंधित पत्र जारी किया जाएगा।
इसके बाद 15 सितंबर से संबंधित शिक्षक अपने नए विद्यालय में योगदान देना शुरू कर सकेंगे। इससे पहले स्थानांतरण प्रक्रिया में गंभीर बीमारी का हवाला देकर आवेदन करने वाले शिक्षकों के मेडिकल प्रमाण पत्रों की जांच कराई जा रही है।
बांका में 144 शिक्षकों ने किया आवेदन
जिले में गंभीर बीमारी के आधार पर स्थानांतरण के लिए 144 शिक्षकों ने आवेदन किया है। इन सभी के मेडिकल प्रमाण पत्र जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग को भेजे गए हैं।
अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट सोमवार तक प्राप्त होने की संभावना है। रिपोर्ट मिलने के बाद सोमवार देर रात या मंगलवार तक ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी किए जाने की उम्मीद है।
शिक्षकों में बढ़ी बेचैनी
इधर, सरप्लस शिक्षकों के ई-शिक्षा कोष पर औपबंधिक नियुक्ति पत्र का विकल्प दिखाई देने लगा है। हालांकि कई शिक्षकों का कहना है कि विकल्प तो दिख रहा है, लेकिन पत्र अभी उपलब्ध नहीं कराया गया है।
इसको लेकर शिक्षकों में बेचैनी बढ़ गई है। शिक्षक यह जानने को उत्सुक हैं कि उन्हें जिले के किस विद्यालय में स्थानांतरित किया जाएगा। कई शिक्षक देर रात तक ई-शिक्षा कोष पर अपना विद्यालय आवंटन देखने की कोशिश कर रहे हैं।
औपबंधिक पत्र जारी होने के बाद शिक्षकों को किसी प्रकार की गड़बड़ी होने पर आपत्ति दर्ज कराने का अवसर भी मिलेगा। आपत्तियों के समाधान के बाद 10 सितंबर के बाद कभी भी स्थानांतरण का अंतिम पत्र जारी किया जा सकता है।
जल्द होगी प्रक्रिया
संभावना है कि मंगलवार तक सरप्लस और पारस्परिक स्थानांतरण वाले सभी शिक्षकों को आवंटित विद्यालय उनके ई-शिक्षा कोष पर दिखाई देने लगेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि बांका में मेडिकल प्रमाण पत्रों की जांच की प्रक्रिया चल रही है और इसे एक-दो दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद स्थानांतरण की अगली प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ेगी।
यह भी पढ़ें- बेतिया में परीक्षा के पहले दिन ही खेल, पांच नकलची निष्कासित, दूसरे की जगह परीक्षा देने वाला गिरफ्तार
