विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेतिया में परीक्षा के पहले दिन ही खेल, पांच नकलची निष्कासित, दूसरे की जगह परीक्षा देने वाला गिरफ्तार

By Sunil AnandEdited By: Dharmendra Singh
Published: Mon, 07 Sep 2026 11:55 AM (IST)

बेतिया के एमजेके कॉलेज में स्नातक छठे सेमेस्टर की परीक्षा के पहले दिन पांच परीक्षार्थी नकल करते पकड़े गए और ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. एमजेके कॉलेज में पांच परीक्षार्थी नकल करते पकड़े गए।

  2. एक फर्जी परीक्षार्थी दूसरे की जगह परीक्षा देते गिरफ्तार।

  3. सभी निष्कासित परीक्षार्थी आरएलएसवाई कॉलेज के थे।

संवाद सहयोगी, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। परीक्षा शुरू होते ही कदाचार करने वालों पर कॉलेज प्रशासन की सख्ती देखने को मिली। स्नातक छठे सेमेस्टर की परीक्षा के पहले ही दिन सोमवार को एमजेके कॉलेज में पांच परीक्षार्थी नकल करते पकड़े गए।

सभी को परीक्षा से निष्कासित कर दिया गया। इसी दौरान दूसरे की जगह परीक्षा देने पहुंचे एक फर्जी परीक्षार्थी को भी पकड़ लिया गया। उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। एक साथ हुई इस कार्रवाई से परीक्षा केंद्र पर कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया।

नकल करते पांच पकड़े गए

एमजेके कॉलेज में सोमवार को स्नातक छठे सेमेस्टर सत्र 2023-27 की परीक्षा शुरू हुई। प्रथम पाली में परीक्षा के दौरान केंद्र पर तैनात वीक्षकों ने परीक्षार्थियों की गतिविधियों पर नजर रखी। जांच के दौरान पांच परीक्षार्थी कदाचार करते पकड़े गए। केंद्र प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी को परीक्षा से निष्कासित कर दिया।

दूसरे की जगह दे रहा था परीक्षा

परीक्षा के दौरान जांच में एक परीक्षार्थी के प्रवेश पत्र और पहचान से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की गई। इस दौरान उसके दूसरे परीक्षार्थी की जगह परीक्षा देने की बात सामने आई। केंद्र प्रशासन ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। फर्जी परीक्षार्थी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

सभी निष्कासित आरएलएसवाई कॉलेज के

परीक्षा से निष्कासित किए गए पांचों परीक्षार्थी राम लखन सिंह यादव (आरएलएसवाई) कॉलेज के बताए गए हैं। मामले की जानकारी संबंधित कॉलेज प्रशासन को भी दी जा रही है। परीक्षा केंद्र पर कदाचार रोकने के लिए वीक्षकों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है।

21 सितंबर तक चलेगी परीक्षा

स्नातक छठे सेमेस्टर सत्र 2023-27 की परीक्षा सात सितंबर से शुरू होकर 21 सितंबर तक चलेगी। एमजेके कॉलेज को आरएलएसवाई कॉलेज, संस्कार भारती स्कूल ऑफ एजुकेशन और ईश्वर शांति महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के लिए परीक्षा केंद्र बनाया गया है। पहले ही दिन हुई कार्रवाई से स्पष्ट है कि केंद्र प्रशासन कदाचार को लेकर किसी तरह की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है।