विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar Teacher Transfer 2.0 : बांका में 755 शिक्षकों का तबादला, 130 KM दूर जाने वालों को घर के पास मिली पोस्टिंग

Published: Wed, 23 Sep 2026 09:30 PM (IST)

Banka Teacher Transfer 2.0 List: बिहार सरकार के 'शिक्षक स्थानांतरण 2.0' के तहत बांका जिले में 755 शिक्षकों का तबादला ...और पढ़ें

Banka Teacher Transfer 2.0 List

Banka Teacher Transfer 2.0 List

HighLights

  1. बांका में 755 शिक्षकों का सफल स्थानांतरण आदेश जारी।

  2. 120 शिक्षकों का पारस्परिक तबादला, 635 सरप्लस समायोजित।

  3. 80-130 किमी का सफर अब 10-40 किमी हुआ।

जागरण संवाददाता, बांका।Banka Teacher Transfer 2.0 List: बिहार सरकार के शिक्षा विभाग द्वारा संचालित बहुप्रतीक्षित ‘शिक्षक स्थानांतरण 2.0’ की गाड़ी बुधवार को बांका जिले में सफलतापूर्वक खुल गई। पहले ही चरण में जिले के सैकड़ों शिक्षकों का वर्षों पुराना इंतजार खत्म हुआ और बड़े पैमाने पर पदस्थापन में बदलाव किया गया।

विभागीय मानक और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत बांका जिले के कुल 755 शिक्षकों का स्थानांतरण आदेश जारी कर दिया गया है।जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता वाली जिला स्तरीय समिति ने बुधवार दोपहर बाद सत्यापन और स्कूल आवंटन की पूरी प्रक्रिया संपन्न की। इसके तुरंत बाद सभी संबंधित शिक्षकों की 'ई-शिक्षाकोष' आईडी पर उनके स्थानांतरण आदेश पत्र दिखने लगे।

आदेश जारी होते ही लंबे समय से घर से दूर सेवाएं दे रहे शिक्षकों में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानांतरित सभी शिक्षक गुरुवार सुबह से लेकर 30 सितंबर तक अपने-अपने नए आवंटित विद्यालयों में पदभार ग्रहण कर सकेंगे।

120 का म्यूचुअल तबादला, 635 सरप्लस समायोजित

जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) देवनारायण पंडित ने बताया कि यह पूरी स्थानांतरण प्रक्रिया स्वेच्छिक आधार पर की गई है, जिसके लिए पिछले महीने ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। जारी सूची में 120 शिक्षकों का पारस्परिक (म्यूचुअल) स्थानांतरण हुआ है, जिन्होंने आपसी सहमति के आधार पर एक-दूसरे के विद्यालय का चयन किया था।

वहीं, मानक मंडल के आधार पर सरप्लस (अतिरिक्त) घोषित 884 शिक्षकों ने स्थानांतरण के लिए आवेदन किया था। इनमें से 635 सरप्लस शिक्षकों को छात्र-शिक्षक अनुपात के अनुसार आवश्यकता वाले विद्यालयों में सफलतापूर्वक समायोजित कर दिया गया है।

डीईओ ने स्पष्ट किया कि शेष 249 शिक्षकों ने आवेदन में केवल एक या दो सीमित विकल्प ही भरे थे, जिसके चलते उन्हें इस चरण में विद्यालय आवंटित नहीं हो सका। ऐसे छूटे हुए सरप्लस शिक्षक अब सामान्य स्थानांतरण के आगामी चरण में नए सिरे से अपना विकल्प दर्ज कर सकेंगे।

शिक्षक स्थानांतरण 2.0

  • कुल स्थानांतरित शिक्षक: 755 शिक्षक।

  • पारस्परिक (म्यूचुअल) तबादला: 120 शिक्षक (आपसी सहमति के आधार पर)।

  • सरप्लस शिक्षक समायोजन: 635 शिक्षक (कुल 884 आवेदनों में से)।

  • शेष सरप्लस शिक्षक: 249 (सीमित विकल्प देने के कारण स्कूल आवंटित नहीं; अगले चरण में मौका)।

  • योगदान की समय-सीमा: गुरुवार (24 सितंबर) सुबह से 30 सितंबर तक।

  • प्रक्रिया: पूर्णतः ऑनलाइन और पारदर्शी (ई-शिक्षाकोष पोर्टल के माध्यम से)।

80 से 130 किमी का थकाऊ सफर खत्म, 10 से 40 किमी पर पहुंचे शिक्षक

इस स्थानांतरण नीति से उन शिक्षकों को सबसे बड़ी राहत मिली है, जो पिछले कई वर्षों से प्रतिदिन 80 से 130 किलोमीटर का जोखिम भरा और थकाऊ सफर तय करके स्कूल पहुंचते थे। नई पोस्टिंग से उनका दैनिक सफर घटकर 10 से 40 किलोमीटर के दायरे में आ गया है।

  • एसएनजेएन बेलहर के संस्कृत शिक्षक चंद्रशेखर पंडित ने अपनी व्यथा साझा करते हुए बताया कि उन्हें बौंसी से रोजाना करीब 130 किलोमीटर बाइक चलाकर स्कूल जाना पड़ता था। अब उनका तबादला एसएस बालिका विद्यालय में होने से भारी मानसिक और शारीरिक राहत मिली है।

  • शंभुगंज पौकरीगढ़ी उच्च विद्यालय के शिक्षक इसराफिल अंसारी ने बताया कि वे बीते 20 वर्षों से हर दिन 90 किलोमीटर बाइक चलाकर स्कूल पहुंच रहे थे, जबकि वहां उनके विषय के छात्र भी पर्याप्त नहीं थे। अब उनका पदस्थापन प्रखंड की सीमा पर स्थित यूएचएस मकदुमा में हो गया है।

  • यूएचएस श्रीनगर की शिक्षिका मनीला कुमारी ने बताया कि एक महिला होने के नाते प्रतिदिन 80 किलोमीटर दूर का सफर तय करना बेहद चुनौतीपूर्ण था। बुधवार को जारी सूची में उन्हें घर से महज 10 किलोमीटर की दूरी पर विद्यालय आवंटित हुआ है।

  • इसी तरह उच्च विद्यालय दौना के वाणिज्य शिक्षक नौबहार साबिर का पदस्थापन एसयूभी सर्वोदयनगर में किया गया है।

  • शिक्षकों ने एक स्वर में कहा कि आवागमन की रोजमर्रा की मानसिक प्रताड़ना खत्म होने से अब वे पूरे मनोयोग और ऊर्जा के साथ छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दे सकेंगे।

    यह भी पढ़ें- भागलपुर के 21 मॉडल स्कूलों में शिक्षक बनेंगे प्रशासनिक अधिकारी; डीडीसी पढ़ाएंगे इतिहास, डीएसओ सिखाएंगे Politics