बांका में केमिकल लदे ट्रक के पलटने से मासूम की मौत पर भारी बवाल; पुलिस पर पथराव, छह अलग-अलग हादसों में दो मरे
बांका में केमिकल लदे ट्रक के पलटने से पांच वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने सड़क ...और पढ़ें

भागलपुर-हंसडीहा मुख्य मार्ग पर केमिकल लदा ट्रक पलटने से मासूम की मौत
HighLights
केमिकल ट्रक पलटने से पांच वर्षीय मासूम हैप्पी की मौत।
आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव किया, डीएसपी समेत छह घायल।
बांका में शुक्रवार को छह सड़क हादसों में दो की मौत।
जागरण टीम, बांका। भागलपुर-हंसडीहा मुख्य मार्ग पर बांका जिले के बौंसी थाना अंतर्गत भंडारीचक गांव के समीप शुक्रवार देर शाम केमिकल लदा एक अनियंत्रित ट्रक पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में सड़क किनारे खेल रहे पांच वर्षीय मासूम हैप्पी कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक भंडारीचक निवासी नितेश यादव का पुत्र था। दुर्घटना में एक बाइक सवार बबलू कुमार और बौंसी थाना का चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि ट्रक की चपेट में आने से तीन मवेशियों की भी जान चली गई।
उग्र ग्रामीणों का पथराव, डीएसपी जख्मी
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। राहत कार्य में देरी का आरोप लगाते हुए उग्र भीड़ ने मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर अचानक पथराव शुरू कर दिया। इस हिंसक झड़प में एसडीपीओ (डीएसपी) इंद्रजीत बैठा और पंजवारा थानाध्यक्ष चंदन कुमार समेत छह पुलिसकर्मी मामूली रूप से घायल हो गए। स्थिति बिगड़ते देख घटना स्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
धोरैया में बाइक हादसे में पटना के युवक की मौत
इधर, धोरैया-सन्हौला मुख्य सड़क पर बैजनाथपुर पुल के समीप शुक्रवार शाम को हुई एक अन्य सड़क दुर्घटना में बाइक चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान पटना के कंकड़बाग (महात्मा गांधी नगर) निवासी विकल कुमार दत्ता (41) के रूप में हुई है, जो एक निजी फाइनेंस कंपनी में कार्यरत थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह अचानक असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़े, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। अस्पताल ले जाने के दौरान उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
पेड़ से टकराई बुलेट, युवक की हालत नाजुक
भागलपुर-हंसडीहा मुख्य मार्ग पर ही श्याम बाजार के समीप एक और भीषण सड़क हादसा हुआ, जहां तेज रफ्तार बुलेट बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में बांका शहर के नया टोला निवासी रिशु शेखर दत्ता (28) गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद युवक की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया है।
कटोरिया में अज्ञात बाइक की टक्कर से साइकिल सवार घायल
कटोरिया बाजार के प्रेमनगर के समीप अज्ञात बाइक की टक्कर से एक साइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जख्मी युवक की पहचान छाताकुरूम निवासी प्रकाश यादव के रूप में हुई है, जो पास के ही एक धर्मशाला से दूध दुहकर घर लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटोरिया में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, देवघर रेफर
इसके अतिरिक्त कटोरिया-बलियामहरा मुख्य मार्ग पर भलुआकुरा गांव के समीप दो बाइकों के बीच आमने-सामने की सीधी भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में फुलवरिया खुर्द निवासी अरुण यादव और आनंदपुर थाना क्षेत्र के बंटी कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों अपने रिश्तेदारों के घर जा रहे थे कि तभी यह हादसा हो गया। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर किया गया है।
