बांका की 182 पंचायतों का होगा 'कायाकल्प', 20 करोड़ से संवरेंगे स्कूल और अस्पताल
बांका जिले की 182 पंचायतों में 'सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान' के तहत 1820 विकास योजनाएं शुरू की जा रही ...और पढ़ें

बांका की 182 पंचायतों का होगा 'कायाकल्प', 20 करोड़ से संवरेंगे स्कूल और अस्पताल (AI Generated Image)
HighLights
बांका की 182 पंचायतों में 1820 विकास योजनाएं शुरू।
'सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान' के तहत बुनियादी सुविधाओं का सुधार।
सरकारी भवनों की मरम्मत, रंग-रोगन और नए निर्माण कार्य होंगे।
संवाद सूत्र, बांका। जिला की पंचायतों में बुनियादी सुविधाओं और सार्वजनिक परिसंपत्तियों को बेहतर बनाने की कवायद तेज हो गई है। राज्य सरकार के सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत जिले की सभी 182 पंचायतों में विकास योजनाओं का चयन किया गया है।
पंचायत स्तर पर सरकारी भवनों की मरम्मत, रंग-रोगन और आवश्यक सुविधाओं को दुरुस्त करने के साथ नई जरूरतों के अनुरूप निर्माण कार्य भी कराए जाएंगे। योजनाओं की निगरानी के लिए विभागीय स्तर पर पोर्टल और एप भी लांच किए गए हैं।
दरअसल, 11 प्रखंडों की 182 पंचायतों में औसतन 10 योजनाओं का चयन किया गया है। इस हिसाब से करीब 1820 योजनाओं को धरातल पर उतारने की तैयारी है। चयनित योजनाओं पर करीब 18 से 20 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
प्रशासन ने प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत, रंग-रोगन और आवश्यक सुधार से जुड़े अधिकांश कार्यों को 30 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया है।
विद्यालय से स्वास्थ्य केंद्र तक सुधरेगी व्यवस्था
चयनित योजनाओं में विद्यालय, सामुदायिक भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, छात्रावास, स्वास्थ्य केंद्र सहित अन्य सरकारी भवन शामिल हैं। भवनों की स्थिति और स्थानीय जरूरत के आधार पर मरम्मत, रंग-रोगन, साफ-सफाई और जरूरी सुधार कार्य कराए जाएंगे।
इससे ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी परिसंपत्तियों की स्थिति बेहतर होने के साथ इन भवनों में संचालित सेवाओं का लाभ लेने वाले लोगों को भी सुविधा मिलेगी।
सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत ग्रामीण विकास के साथ शिक्षा, समाज कल्याण, एससी-एसटी कल्याण, बीसी-ओबीसी कल्याण, नगर विकास एवं आवास, पंचायती राज, पीएचईडी और स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी सार्वजनिक परिसंपत्तियों को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया है।
जिन पंचायतों में नए निर्माण की आवश्यकता महसूस की गई है, वहां की योजनाओं को 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
ग्राम सभा के माध्यम से पंचायत स्तर पर योजनाओं का चयन किया गया है। एक पंचायत में करीब 10 से 12 लाख रुपये तक की योजनाएं चयनित हुई हैं। प्रशासन का जोर सभी योजनाओं को तय समय-सीमा में पूरा कराने और सरकारी परिसंपत्तियों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने पर है।
सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत जिले की सभी 182 पंचायतों में विकास योजनाओं का चयन किया गया है। कुछ पंचायतों में 10 से अधिक योजनाएं भी चयनित हुई हैं। इन योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। - निलेश कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी
यह भी पढ़ें- गोपालगंज की 230 पंचायतों का होगा कायाकल्प, 23 करोड़ की लागत से संवरेंगे गांव
