छह करोड़ से बनेगा चांदन नदी किनारे नाला
बांका। बरसात में जलजमाव से जूझने वाले बांका शहर के लिए एक राहत भरी खबर है।
बांका। बरसात में जलजमाव से जूझने वाले बांका शहर के लिए एक राहत भरी खबर है। बरसाती पानी के लिए चांदन नदी के किनारे वाली एमआरडी स्कूल के पीछे की डांढ की खोदाई होगी। स्कूल के पास से ही शहर के बाहर तक बड़ा नाला का निर्माण होगा। जिससे शहर का बरसाती पानी नाला के माध्यम से चांदन नदी में मिल जाएगी। करीब छह करोड़ की राशि से इस नाला का निर्माण होगा।
एमआरडी स्कूल के पहले से निर्माण शुरू होगा। इसके बाद महेंद्र सिनेमा, पुरानी बस स्टैंड के पीछे से होकर बिजली कॉलोनी में प्रवेश करेगी। इससे आगे बढ़ कर यह चांदन नदी में मिल जाएगी। इसकी लंबाई एक किलोमीटर से भी अधिक होगी। शहरी विकास योजना से यह निर्माण होना है। नगर परिषद ने पूर्व में ही इसका प्रस्ताव भेज रखा था। जिसे स्वीकृति मिल गई है। अबतक बरसाती पानी शहर की बड़ी समस्या रही है। कई वार्ड में तीन महीने बाद तक बरसाती पानी जमा रहता है। शिवाजी चौक का पिछला इलाका भी पूरे बरसात जलजमाव के संकट से जूझता रहा है। बड़ा नाला बन जाने से यह पानी उसके माध्यम से चांदन नदी में पहुंच जाएगा। यह नाला पुराने सिचाई डांढ़ में ही बनेगा। इसका अधिकतर हिस्सा कई जगह स्थानीय लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। जिससे डांढ कई जगह संकरी हो गई है। नाला निर्माण से पहले इसका अतिक्रमण हटाना भी प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होगी।
--------------------
कोट
शहर से बरसाती पानी की निकासी बड़ी समस्या रही है। एमआरडी स्कूल के पीछे वाले नाला का निर्माण कराया जाएगा। जल्द ही सारी प्रक्रिया पूरी कर काम चालू करा दिया जाएगा। ताकि अगले बरसात में जलजमाव की समस्या नहीं रहे।
रामनारायण मंडल, मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग