छेड़खानी का वायरल वीडियो मामले में चार को जेल
बांका। अमरपुर में एक महिला के साथ छेड़खानी का वायरल वीडियो के मामले में पुलिस ने घटना के 36 घंटे के अंदर चार बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बांका। अमरपुर में एक महिला के साथ छेड़खानी का वायरल वीडियो के मामले में पुलिस ने घटना के 36 घंटे के अंदर चार बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जबकि दो अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों को स्पीडी ट्रायल चलाकर सजा दिलाने की बात कही। एसपी अरविद कुमार गुप्ता ने इसकी जानकारी दी है।
अमरपुर में दो दिन पूर्व बाइक से अपने देवर के साथ महिला पूजा करने जेठोर नाथ मंदिर जा रही थी। इसी दौरान पांच बदमाशों ने सुनसान रास्ता देखकर महिला के साथ छेड़खानी की। साथ ही वीडियो बनाकर फेसबुक पर वायरल कर दिया। इसकी सूचना एसपी को मिलने पर एसडीपीओ डीसी श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया। इसमें अमरपुर थानाध्यक्ष कुमार सन्नी, बाराहाट थानाध्यक्ष परीक्षित पासवान एवं साइबर सेल के सिपाही रवि शंकर सिंह को शामिल किया। स्पेशल टीम ने तकनीकी अनुसंधान करते हुए घटना के 36 घंटे के अंदर इसमें शामिल चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में अमरपुर थाना क्षेत्र के पतवे गांव निवासी धनेश्वर यादव के पुत्र चंदन यादव, रामचंद्र यादव के पुत्र गौतम यादव, कारू मंडल के पुत्र नितेश कुमार मंडल व मझगांय गांव निवासी अशोक सिंह के पुत्र खपू सिंह को गिरफ्तार कर लिया। चारों की पहचान वायरल वीडियो से हुई है। अन्य दो की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। एसपी ने बताया कि एक सप्ताह के अंदर फरार आरोपित अगर गिरफ्तार नहीं हुए तो कुर्की जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। इधर, पुलिस ने वीडियो बनाने में प्रयुक्त मोबाइल फोन को भी जब्त कर लिया है।