आस्था का सैलाब, व्यवस्था में चूक, बांका के तिलडीहा दुर्गा मंदिर में डेढ़ किमी कतार, ड्यूटी से 12 दंडाधिकारी गायब
बांका के तिलडीहा दुर्गा मंदिर में श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ा, जिससे डेढ़ किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान ...और पढ़ें

शंभुगंज के तिलडीहा दुर्गा मंदिर में महाअष्टमी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और कतारबद्ध भक्त ।
HighLights
तिलडीहा मंदिर में महाअष्टमी पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब।
डेढ़ किलोमीटर लंबी कतार में घंटों खड़े रहे भक्तगण।
12 दंडाधिकारी ड्यूटी से नदारद, डीएम ने मांगा स्पष्टीकरण।
संवाद सहयोगी, शंभुगंज (बांका)। शारदीय नवरात्र की महाअष्टमी तिथि पर बुधवार को प्रसिद्ध तिलडीहा दुर्गा मंदिर में आस्था का अप्रत्याशित महासैलाब उमड़ पड़ा।
माता के दरबार में डलिया चढ़ाने और दर्शन-पूजन के लिए तड़के सुबह से ही दूर-दराज से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी। भक्ति और उत्साह का आलम यह था कि सुबह सात बजे तक मंदिर के मुख्य द्वार से लेकर तिलडीहा बगीचे तक लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी कतार लग गई।
श्रद्धालु घंटों कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए, जबकि पूरा मंदिर परिसर और आसपास का इलाका माता के जयकारों से गुंजायमान रहा।
मेला क्षेत्र में उमड़ने वाली अपार भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा आवागमन के रूट में व्यापक फेरबदल किया गया था।
तारापुर की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं को बदुआ पुल से होकर मंदिर तक निर्धारित मार्ग से भेजा गया, वहीं दर्शन-पूजन के बाद सुरक्षित निकासी के लिए नदी पर मंदिर के समानांतर निर्मित अस्थायी मार्ग का उपयोग कराया गया।
ड्यूटी के पहले ही दिन 12 दंडाधिकारी मिले नदारद
एक तरफ जहां मेले में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही थी, वहीं दूसरी तरफ सुरक्षा व्यवस्था में तैनात दंडाधिकारियों की घोर लापरवाही सामने आई।
प्रशासन की ओर से सप्तमी पूजा से ही मेला क्षेत्र के 40 चिह्नित संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल के साथ दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। इसके बावजूद मेले का जायजा लेने पहुंचे एसडीएम राजकुमार के औचक निरीक्षण में ड्यूटी के पहले ही दिन 12 दंडाधिकारी अपनी प्रतिनियुक्ति स्थल से गायब (अनुपस्थित) पाए गए।
डीएम अंशुल अग्रवाल ने थमाया कारण बताओ नोटिस
श्रद्धालुओं की सुरक्षा में बरती गई इस बड़ी लापरवाही को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए बांका के जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने सभी 12 अनुपस्थित दंडाधिकारियों से तत्काल स्पष्टीकरण (कारण बताओ नोटिस) मांगा है। इसके साथ ही इन लापरवाह कर्मियों के विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
एसडीएम राजकुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विशाल मेले में श्रद्धालुओं की भारी सुरक्षा के बीच एक साथ 12 दंडाधिकारियों का गैरहाजिर रहना अत्यंत गंभीर मामला है और दोषियों पर कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- बांका में किसान खुद बनाएंगे वर्मी कंपोस्ट, 1200 खाद पिट का लक्ष्य; रासायनिक खाद का घटेगा खर्च
यह भी पढ़ें- मुंगेर-बांका सीमा पर लुटेरों का तांडव, पूर्व क्रिकेटर को गोली मार 15 हजार और मोबाइल लूटा, भागलपुर में भर्ती
"मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए 40 स्थानों पर दंडाधिकारी तैनात किए गए थे। औचक निरीक्षण के दौरान 12 दंडाधिकारी ड्यूटी से गायब मिले हैं। इस लापरवाही को लेकर सभी अनुपस्थित दंडाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है और उनके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जा रही है।"
— अंशुल अग्रवाल, जिलाधिकारी (DM), बांका
