विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बांका छेड़खानी कांड का आरोपी मध्य प्रदेश से गिरफ्तार, पैसे की डिमांड पूरी न करने पर वायरल किया था वीडियो 

Published: Tue, 29 Sep 2026 04:57 PM (IST)

मंदार पहाड़ पर युवती से बदसलूकी और वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस ने मध्य प्रदेश से एक और नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार किया है।

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. मंदार छेड़खानी मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी।

  2. एक और फरार नाबालिग आरोपी मध्य प्रदेश से गिरफ्तार।

  3. पुलिस अब सभी आरोपियों के विरुद्ध चार्जशीट दाखिल करेगी।

संवाद सहयोगी, बौंसी (बांका)। मंदार पहाड़ पर युवती के साथ बदसलूकी व मारपीट का वीडियो प्रसारित होने के मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।

एसआइटी की टीम ने मंगलवार को एक और फरार नाबालिग आरोपित को मध्यप्रदेश से पुलिस संरक्षण में लिया है। उसके बुधवार तक बांका लाये जाने की सूचना है।

पुलिस के अनुसार, मामले में फरार एक अन्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही है।इस मामले में सोमवार को गिरफ्तार तीन आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं, पूर्व में दो नाबालिग आरोपितों को बाल सुधार गृह भेजा गया था।

चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी

पुलिस अब सभी आरोपितों के विरुद्ध साक्ष्य जुटाकर चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में है। अब तक इस मामले में छह में तीन आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जिनमें तीन नाबालिग हैं। घटना में शामिल एक आरोपित के फरार होने की बात पुलिस बता रही है।

ज्ञात हो कि तीन जून को मंदार पहाड़ पर कुछ युवकों ने युवती के साथ अभद्र व्यवहार किया था। आरोप है कि युवती को डराकर उससे ऑनलाइन 1500 रुपये लिए गए थे। इसके बाद और रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर घटना का वीडियो प्रसारित कर दिया गया।

22 सितंबर को मामला पुलिस के संज्ञान में आने के बाद छह से सात आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई। जांच के दौरान आरोपितों की पहचान की गई और मामले में चार अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।

एसपी अमितेश कुमार ने कहा कि एक नाबालिग को मध्य प्रदेश से पुलिस संरक्षण में लिया गया है। एक अन्य फरार नाबालिग को पुलिस खोज रही है। आरोपियों को स्पीडी ट्रायल चलाकर सजा दिलाई जाएगी।

यह भी पढ़ें- बांका में मंदार के बाद शंभूगंज में शर्मनाक कांड, युवती का नहाते समय बनाया वीडियो, ब्लैकमेल कर शारीरिक संबंध का आरोप