विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बांका छेड़छाड़ कांड: बंगाल के हावड़ा रेलवे जंक्‍शन से पकड़ा गया मुख्य आरोपी, मंदार में युवती से की थी दरिंदगी

Published: Sun, 27 Sep 2026 11:02 AM (IST)

बांका के मंदार पर्वत पर युवती से छेड़छाड़ और ब्लैकमेलिंग के मुख्य आरोपी अब्दुल्लाह को कोलकाता के हावड़ा स्टेशन से ...और पढ़ें

बांका के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमितेष कुमार ने ग‍िरफ्तारी की जानकारी दी है।

बांका के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमितेष कुमार ने ग‍िरफ्तारी की जानकारी दी है।

HighLights

  1. मुख्य आरोपी अब्दुल्लाह कोलकाता के हावड़ा स्टेशन से गिरफ्तार।

  2. मंदार पर्वत पर युवती से छेड़छाड़, वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग।

  3. पुलिस ने स्पीडी ट्रायल का आश्वासन दिया, फरार आरोपियों की तलाश।

संवाद सहयोगी, बांका। बांका जिले के ऐतिहासिक मंदार पर्वत पर युवती के साथ हुई बहुचर्चित छेड़छाड़ और वीडियो बनाकर रंगदारी वसूलने के मामले में पुलिस को अंतरराज्यीय स्तर पर बड़ी कामयाबी मिली है। मामले के मुख्य आरोपित अब्दुल्लाह (निवासी- चिहार गांव, बाराहाट) को बांका पुलिस की विशेष टीम ने शनिवार देर रात पश्चिम बंगाल स्थित कोलकाता के हावड़ा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है।

बांका के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमितेष कुमार ने रविवार को प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की कड़ियों और घटनाक्रम का पर्दाफाश किया। एसपी अमितेष कुमार ने बताया कि तीन माह पूर्व तीन जून को घटी इस घटना को लेकर पुलिस ने दो अलग-अलग प्राथमिकियां दर्ज की हैं।

पीड़िता की मां के लिखित बयान पर नामजद किए गए आरोपित विभीषण और अनंत को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज चुकी है। अब वीडियो वायरल करने और ब्लैकमेलिंग के मुख्य सूत्रधार अब्दुल्लाह की गिरफ्तारी से पूरे कांड का पटाक्षेप हो गया है।

घर छोड़ने के बहाने मंदार पर्वत ले गए थे परिचित

घटना की पृष्ठभूमि स्पष्ट करते हुए एसपी ने बताया कि पीड़िता प्रतिदिन मवेशियों का दूध बेचने के लिए बौंसी बाजार आती-जाती थी। तीन जून को वापसी के दौरान उसके पूर्व परिचित अनंत और विभीषण ने उसे सुरक्षित घर छोड़ देने का झांसा देकर अपने साथ लिया। इसके बाद दोनों उसे सुनसान रास्ते से मंदार पर्वत की तलहटी और पहाड़ी क्षेत्र में ले गए, जहां उन्होंने युवती के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी।

फिर पहुंचे ब्लैकमेलर्स

उसी दौरान बाराहाट के चिहार निवासी अब्दुल्लाह अपने अन्य असामाजिक साथियों के साथ अचानक मौके पर पहुंच गया। अब्दुल्लाह और उसके गुर्गों ने युवती और उसके साथ मौजूद युवकों को बंधक बना लिया और घटना का आपत्तिजनक वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर डालकर बदनाम करने की धमकी देते हुए 20 हजार रुपये की फिरौती (रंगदारी) की मांग की गई।

PhonePe से वसूले थे 1500 रुपये

युवती और उसके साथियों द्वारा तुरंत 20 हजार रुपये देने में असमर्थता जताने पर आरोपितों ने दबाव बनाया। इसके बाद आरोपित अनंत ने अपने मोबाइल से अब्दुल्लाह के नंबर पर ऑनलाइन 'PhonePe' के माध्यम से 1,500 रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद बाकी बची रकम देने का अल्टीमेटम देकर उन्हें छोड़ा गया।

मंदार छेड़छाड़ कांड

  • वारदात की तारीख: 3 जून (करीब 3 माह पूर्व)।

  • घटनास्थल: मंदार पर्वत, थाना- बौंसी, जिला- बांका।

  • वीडियो वायरल की तारीख: 22 सितंबर (पैसे न मिलने पर प्रसारित किया गया)।

  • गिरफ्तार मुख्य आरोपित: अब्दुल्लाह (निवासी- चिहार गांव, थाना- बाराहाट, बांका; हावड़ा स्टेशन से गिरफ्तार)।

  • पूर्व में गिरफ्तार आरोपित: विभीषण और अनंत (पीड़िता के पूर्व परिचित)।

  • रंगदारी का लेन-देन: ₹20,000 की मांग, ₹1,500 PhonePe के जरिए अब्दुल्लाह के खाते में ट्रांसफर।

  • दर्ज मामले: पीड़िता की मां के बयान समेत मामले में कुल दो अलग-अलग प्राथमिकियां दर्ज।

  • प्रशासनिक रुख: एसपी अमितेष कुमार के अनुसार सभी आरोपितों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाया जाएगा।

बाकी रकम के लिए वायरल किया वीडियो

जब बाकी पैसे नहीं मिले, तो बौखलाए आरोपितों ने दबाव बनाने के उद्देश्य से 22 सितंबर को वह आपत्तिजनक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो के संज्ञान में आते ही बौंसी थाने में छह से सात नामजद व अज्ञात लोगों के खिलाफ पोक्सो और आईटी एक्ट की सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर त्वरित छापेमारी शुरू की गई थी।

फरार साथियों की तलाश जारी

एसपी अमितेष कुमार ने बताया कि इस शर्मनाक कांड में शामिल तीन आरोपित बालिग हैं, जबकि कुछ अन्य सहयोगी नाबालिग पाए गए हैं। मुख्य आरोपित अब्दुल्लाह गिरफ्तारी से बचने के लिए कोलकाता भाग गया था, जिसे तकनीकी सर्विलांस के आधार पर हावड़ा स्टेशन से दबोचा गया।

फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा स्पीडी ट्रायल

एसपी ने स्पष्ट किया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस वैज्ञानिक व डिजिटल साक्ष्य (PhonePe ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड और मोबाइल फुटेज) कोर्ट में पेश करेगी। मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर सभी दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी। घटना में शामिल अन्य फरार नाबालिग व बालिग आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

यह भी पढ़ें- अरे... यह क्या! बिहार की बदुआ नदी में इतना लंबा मगरमच्छ; भागो-भागो... बड़ा खतरनाक है; लोगों के उड़े होश