विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बांका में लापता छात्र का तालाब में मिला शव, इकलौते बेटे की मौत से परिवार में पसरा मातम

Published: Fri, 01 May 2026 07:06 PM (IST)

कटोरिया के बंगालगढ़ गांव में लापता सात वर्षीय छात्र प्रियांशु कुमार का शव शुक्रवार सुबह पोखर से बरामद हुआ।

तालाब में मिला छात्र का शव। (जागरण)

तालाब में मिला छात्र का शव। (जागरण)

HighLights

  1. सात वर्षीय छात्र प्रियांशु का शव पोखर से मिला।

  2. गुरुवार शाम से लापता था बच्चा, मां ने दी थी सूचना।

  3. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी।

संवाद सूत्र, कटोरिया (बांका)। थाना क्षेत्र के बंगालगढ़ गांव के पास पश्चिम जंगल स्थित पोखर से शुक्रवार सुबह दूसरी कक्षा के छात्र का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक परमेश्वर दास के पुत्र प्रियांशु कुमार सात वर्षीय गुरुवार शाम करीब पांच बजे घर से निकला था। जिसके बाद वह लापता हो गया था।

स्वजनों ने देर शाम तक काफी खोजबीन की। लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इस बीच मृतक की मां रुकमा देवी जसीडीह स्थित रिश्तेदार के घर गई हुई थी।

सूचना मिलने पर वह रात में ही घर पहुंचीं और स्वजनों के साथ बच्चे की तलाश में जुट गई। लापता होने के बाद मां ने अपहरण की आशंका जताते हुए थाना में आवेदन भी दिया था।

स्वजनों ने की पहचान

शुक्रवार सुबह गांव के एक ग्रामीण ने पोखर में शव पड़े होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे स्वजनों ने शव की पहचान प्रियांशु के रूप में की।

सूचना मिलते ही बेलहर एसडीपीओ डॉ. रविंद्र मोहन प्रसाद, इंस्पेक्टर रंजीत कुमार, प्रभारी थानाध्यक्ष राजेश कुमार व सुइया थानाध्यक्ष कन्हैया झा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मामले की हर बिंदु पर जांच की जा रही है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मां रुकमा देवी, पिता परमेश्वर दास, बहन पिंकी कुमारी, रिंकी कुमारी, सिंकी देवी, दादा जगन दास व दादी रुक्मणि देवी सहित अन्य स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया जाता है कि प्रियांशु अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

यह भी पढ़ें- नालंदा में बरात के दौरान गाड़ी साइड करने को लेकर हुआ विवाद, फायरिंग में एक व्यक्ति घायल