विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बांका बदसलूकी केस : बाराहाट के निकले 3 आरोपी, IG विवेक कुमार ने SP से पूछा- कहां तक पहुंची पुलिस जांच

Published: Fri, 25 Sep 2026 02:53 PM (IST)

Banka Mandar Viral Video :मंदार पर्वत पर युवती से छेड़खानी, ब्लैकमेलिंग और ऑनलाइन पैसे ऐंठने के वायरल वीडियो मामले में ...और पढ़ें

बांका के बौंसी थाने में मंदार पर्वत मामले की समीक्षा करने पहुंचे भागलपुर रेंज के आईजी विवेक कुमार और एसपी अमितेश कुमार।

बांका के बौंसी थाने में मंदार पर्वत मामले की समीक्षा करने पहुंचे भागलपुर रेंज के आईजी विवेक कुमार और एसपी अमितेश कुमार।

HighLights

  1. मंदार पर्वत पर युवती से छेड़खानी, ब्लैकमेलिंग का मामला।

  2. आईजी विवेक कुमार ने बौंसी थाने में की जांच समीक्षा।

  3. अब्दुल्ला, नीतीश, विकास सहित अन्य आरोपी चिन्हित, गिरफ्तारी जारी।

संवाद सहयोगी, बौंसी (बांका)। Banka Mandar Viral Video : ऐतिहासिक मंदार पर्वत पर सैर करने आई युवती के साथ छेड़खानी, गाली-गलौज और ब्लैकमेल कर ऑनलाइन पैसे ऐंठने के बहुचर्चित वीडियो मामले में पुलिस प्रशासन का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए भागलपुर प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) विवेक कुमार शुक्रवार दोपहर स्वयं बौंसी थाना पहुंचे।

आईजी ने बांका के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमितेश कुमार और बौंसी थानाध्यक्ष पंकज झा के साथ बैठक कर अब तक की गई कार्रवाई, साक्ष्य संकलन और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए की जा रही छापेमारी की गहन समीक्षा की। पुलिस अनुसंधान में यह स्पष्ट हो चुका है कि यह घटना बीते 3 जून 2026 की है, जब पीड़िता अपने दो परिचितों के साथ मंदार पर्वत पर घूमने पहुंची थी।

इसी दौरान बाराहाट थाना क्षेत्र के रहने वाले अब्दुल्ला, नीतीश कुमार राय और विकास कुमार ने युवती का हाथ जबरन पकड़ लिया और उसके साथ घिनौनी हरकतें शुरू कर दीं। विरोध करने पर आरोपितों ने गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देते हुए उसके साथी से मुख्य आरोपित अब्दुल्ला के बैंक खाते में ऑनलाइन 1500 रुपये जबरन ट्रांसफर करा लिए।

और पैसों की मांग कर रहे थे बदमाश

पुलिस द्वारा पीड़िता से की गई पूछताछ में ब्लैकमेलिंग का एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उस दिन ₹1500 ऐंठने के बाद भी मनचलों का मन नहीं भरा। आरोपित लगातार फोन और संदेशों के जरिए पीड़िता से और अधिक रुपयों की मांग कर रहे थे।

इनकार करने पर वायरल किया वीडियो

जब पीड़िता ने आगे पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपितों ने दबाव बनाने और बदनाम करने की नीयत से घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया।

जमुई कांड के बाद हाई अलर्ट पर पुलिस

उल्लेखनीय है कि जमुई में हाल ही में मड़वा पहाड़ पर घटी छेड़खानी की घटना के बाद से ही बिहार पुलिस ऐसे मामलों को लेकर 'जीरो टॉलरेंस' मोड में काम कर रही है। आईजी विवेक कुमार ने निर्देश दिया है कि चिन्हित तीनों नामजद आरोपितों के अलावा वीडियो में दिख रहे अन्य 3-4 अज्ञात बदमाशों को भी अविलंब गिरफ्तार कर स्पीडी ट्रायल के जरिए सख्त सजा दिलाई जाए।

मंदार पर्वत ब्लैकमेलिंग कांड

  • घटनास्थल: मंदार पर्वत, बौंसी (बांका)।

  • घटना की तिथि: 3 जून 2026 (सोशल मीडिया पर वायरल: 22 सितंबर)।

  • चिन्हित मुख्य आरोपित: अब्दुल्ला, नीतीश कुमार राय और विकास कुमार (तीनों बाराहाट निवासी)।

  • अपराध का तरीका: हाथ पकड़ना, छेड़खानी, ऑनलाइन ₹1500 की वसूली, और बाद में लगातार उगाही के लिए वीडियो वायरल करने की धमकी।

  • उच्चस्तरीय मॉनिटरिंग: भागलपुर प्रक्षेत्र के आईजी विवेक कुमार ने खुद बौंसी थाना पहुंचकर केस डायरी और दबिश की समीक्षा की।

संभावित ठिकानों पर दबिश तेज

फिलहाल बौंसी और बाराहाट थाना क्षेत्र के संभावित ठिकानों पर विशेष पुलिस टीम (SIT) द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है। आईजी ने मंदार पर्वत क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक चाक-चौबंद करने तथा सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की गश्त बढ़ाने का भी आदेश दिया है।

यह भी पढ़ें- बांका के मंदार पर्वत पर युवती से बदसलूकी में रातभर छापेमारी! अब्दुल्ला, नीतीश और विकास ने ऑनलाइन वसूले थे ₹1500

यह भी पढ़ें- जमुई के बाद बांका के मंदार में युवती से बदसलूकी! वीडियो वायरल होने पर 7 पर केस, 1 महीने पुरानी बताई जा रही घटना