बांका में आबकारी विभाग से बचकर भाग रही कार नहर में पलटी, 355 लीटर शराब बरामद
अमरपुर (बांका) में आबकारी विभाग के पीछा करने के दौरान शराब लदी एक कार नहर में पलट गई।
HighLights
आबकारी विभाग के पीछा करने पर शराब लदी कार पलटी।
नहर में पलटी कार से 355 लीटर शराब बरामद हुई।
हादसे के बाद चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार।
संवाद सहयोगी, अमरपुर (बांका)। जेठौर पुल-ज्येष्ठगौरनाथ महादेव मंदिर संपर्क पथ पर घोघा बियर पुल के समीप शुक्रवार की देर रात आबकारी विभाग की टीम से पीछा किए जाने के दौरान शराब लदी कार अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई।
हादसे के बाद कार चालक अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया। आबकारी विभाग की टीम ने कार से 355 लीटर शराब बरामद कर उसे जब्त कर लिया। बुलडोजर की मदद से कार को नहर से बाहर निकालकर बांका ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि कार संख्या जेएच-17 एम-1867 से शराब की बड़ी खेप इंग्लिशमोड़ चौक की ओर लाई जा रही है।
सूचना के आधार पर टीम ने इंग्लिशमोड़ चौक पर कार को रोकने का प्रयास किया। टीम को देखते ही चालक कार को तेज गति से ज्येष्ठगौरनाथ महादेव मंदिर की ओर लेकर भागने लगा।
आबकारी विभाग की टीम ने उसका पीछा किया। इसी दौरान घोघा बियर के समीप तीखे मोड़ पर कार पुलिया से टकराकर अनियंत्रित हो गई और नहर में पलट गई।
उत्पाद अधीक्षक रविन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि चालक एयरबैग के सहारे बच गया और पानी में तैरकर फरार हो गया। मामले की जांच की जा रही है। सूचना पर अमरपुर थाना की डायल-112 पुलिस भी मौके पर पहुंची।
हीरो बाइक के नाम निबंधित है नंबर प्लेट
जांच में कार पर लगा जेएच-17 एम-1867 नंबर प्लेट संदिग्ध पाया गया है। बताया जा रहा है कि यह नंबर गोड्डा परिवहन विभाग में एक हीरो बाइक के नाम से निबंधित है। इससे शराब तस्करी में फर्जी नंबर प्लेट के इस्तेमाल की आशंका है।
शराब की खेप कठैल एवं मादाचक गांव पहुंचाने की चर्चा है। आबकारी विभाग तस्कर की पहचान और शराब के स्रोत का पता लगाने में जुटा है।
यह भी पढ़ें- बिहार के सरकारी अस्पतालों में अब जांच और उपचार को मिलेगी रफ्तार, 1460 तकनीकी कर्मियों की पदस्थापना
