विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बांका इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्र-छात्रा आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े गए, सहपाठियों ने कर दिया हल्‍ला

Published: Sat, 11 Apr 2026 01:08 AM (IST)

बांका इंजीनियरिंग कॉलेज में एक छात्र-छात्रा को आपत्तिजनक स्थिति में पाए जाने पर सहपाठियों ने हंगामा किया। विरोध बढ़ने पर ...और पढ़ें

इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रेमी युगल पर बवाल, छात्रों का हंगामा; गेट पर ताला जड़ अधिकारियों को बनाया बंधक

इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रेमी युगल पर बवाल, छात्रों का हंगामा; गेट पर ताला जड़ अधिकारियों को बनाया बंधक

HighLights

  1. इंजीनियरिंग कॉलेज बांका में छात्र-छात्रा आपत्तिजनक स्थिति में मिले।

  2. सहपाठियों ने विरोध प्रदर्शन किया, कॉलेज में हंगामा हुआ।

  3. युगल को निष्कासित किया गया, चार छात्र हिरासत में लिए गए।

जागरण संवाददाता, बांका। लकड़ीकोला स्थित राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज बांका में शुक्रवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक छात्र और छात्रा को आपत्तिजनक स्थिति में देख सहपाठियों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि कैंपस में घंटों हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा और प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा।

दोपहर बाद कक्षा के दौरान ही प्रेमी युगल के खिलाफ छात्रों ने मोर्चा खोल दिया। छात्रों का आरोप था कि दोनों कैंपस का माहौल खराब कर रहे हैं। इसको लेकर उन्होंने दोनों को कॉलेज से निष्कासित करने की मांग करते हुए जोरदार हंगामा शुरू कर दिया।

छात्रों के दो गुट आमने-सामने

इस बीच चार छात्र प्रेमी युगल के समर्थन में भी सामने आ गए, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। विरोध कर रहे छात्रों ने इन चारों पर माहौल बिगाड़ने और धार्मिक भावना भड़काने का आरोप लगाया।

छात्रों का कहना था कि यह पहली घटना नहीं है, बल्कि पहले भी कई बार इस तरह की हरकत सामने आ चुकी है, लेकिन कॉलेज प्रशासन हर बार चुप्पी साध लेता है।

प्रशासन और पुलिस ने संभाला मोर्चा

स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही एसडीओ राजकुमार और एसडीपीओ अमर विश्वास पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने कॉलेज प्रशासन और छात्रों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे और प्रेमी युगल के साथ-साथ उनके समर्थन में आए चारों छात्रों पर भी कार्रवाई की मांग करते रहे।

प्रेमी युगल को किया गया निष्कासित

प्रशासन के निर्देश पर कॉलेज के प्राचार्य ने छात्र और छात्रा दोनों को तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया। उनके परिजनों को भी कॉलेज बुलाया गया।

इसके बाद छात्रा को ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) देकर उसके माता-पिता के साथ घर भेज दिया गया। हालांकि छात्रों का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ और वे अन्य चार छात्रों पर भी कार्रवाई की मांग करते रहे।

गेट पर ताला जड़ अधिकारियों को बनाया बंधक

हंगामे के दौरान देर शाम स्थिति और बिगड़ गई, जब कुछ छात्रों ने कॉलेज के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। इस दौरान अंदर मौजूद प्रशासनिक अधिकारी करीब आधे घंटे तक फंसे रहे।

करीब एक घंटे तक चले तनावपूर्ण माहौल के बाद प्रशासन ने चारों छात्रों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद छात्रों ने गेट का ताला खोला।

चार छात्रों को पुलिस थाने ले गई

गेट खुलने के बाद पुलिस प्रेमी युगल के समर्थन में आए चारों छात्रों को अपने साथ बांका थाना ले गई। पूरे घटनाक्रम को लेकर कॉलेज परिसर में देर तक तनाव बना रहा।

एसडीओ राजकुमार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। शनिवार को कॉलेज में छात्रों और शिक्षकों की बैठक बुलाई गई है, जिसमें सभी पक्षों की बात सुनकर समाधान निकाला जाएगा।

मामले को शांत कर दिया गया है। इसकी जांच कराई जाएगी। दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


-

उपेन्द्र नाथ वर्मा,एसपी, बांका