विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बांका-अमरपुर में खुलेंगे फ्रेश कैच कियोस्क, शहर में मिलेगी जिंदा मछली

Published: Sun, 29 Nov 2026 10:55 PM (IST)

मत्स्य विभाग बांका और अमरपुर में 'फ्रेश कैच कियोस्क' खोलने की तैयारी कर रहा है, जहाँ उपभोक्ताओं को ताजी और जिंदा मछली मिल सकेगी। इ 

एआई से बनाई गई तस्वीर

एआई से बनाई गई तस्वीर

HighLights

  1. बांका-अमरपुर में दो फ्रेश कैच कियोस्क खोलने की तैयारी।

  2. कियोस्क में जिंदा मछली, आधुनिक सुविधाएँ और स्वच्छता होगी।

  3. स्थानीय मछली पालकों को नया बाजार और रोजगार मिलेगा।

संवाद सूत्र, बांका। अब जिंदा और ताजी मछली खरीदने के लिए लोगों को मछली बाजारों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। मत्स्य विभाग सुधा बूथ की तर्ज पर शहर में फ्रेश कैच कियोस्क खोलने की तैयारी कर रहा है।

फिलहाल बांका और अमरपुर शहरी क्षेत्र में एक-एक कियोस्क खोलने का लक्ष्य है। जमीन चिह्नित होने के बाद दोनों स्थलों का प्रस्ताव विभाग को भेजा जाएगा और फिर निर्माण प्रक्रिया शुरू होगी।

विभाग के अनुसार, बांका शहर के मुख्य बाजार के आसपास कियोस्क के लिए जगह तलाशी जा रही है। यहां करीब 15×15 फीट जमीन पर प्रीफैब्रिकेटेड दुकान बनाई जाएगी।

अमरपुर में भी मुख्य सड़क और बाजार के आसपास ऐसी जगह खोजी जा रही है, जहां अधिक से अधिक लोग आसानी से पहुंच सकें। उद्देश्य मछली बिक्री को व्यवस्थित करने के साथ उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा देना है।

फ्रेश कैच कियोस्क आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। मछलियों को जिंदा रखने के लिए विशेष टैंक बनाए जाएंगे। उन्हें लंबे समय तक ताजा रखने के लिए डीप फ्रीजर, आइस बाक्स और डिस्प्ले यूनिट लगाए जाएंगे।

मछली काटने, साफ करने और पैकिंग के लिए आधुनिक मशीनें भी उपलब्ध रहेंगी। साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था से गंदगी और बदबू की समस्या कम होगी और ग्राहकों को स्वच्छ वातावरण में मछली खरीदने की सुविधा मिलेगी।

मछली पालकों को मिलेगा नया बाजार

कियोस्क से उपभोक्ताओं के साथ जिले के मछली पालकों को भी लाभ हो सकता है। पिछले कुछ वर्षों में मत्स्य पालन के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ा है और हर साल सौ से अधिक नए तालाब बन रहे हैं।

कियोस्क स्थानीय पालकों को अपनी उपज बेचने का बेहतर अवसर दे सकते हैं। जिले में बड़े पैमाने पर पंगेशियस मछली का पालन होता है।

बिक्री की बेहतर व्यवस्था मिलने पर पालक रोहू और कतला जैसी भारतीय प्रमुख कार्प (आइएमसी) मछलियों के पालन के लिए भी प्रोत्साहित हो सकते हैं। इससे स्थानीय रोजगार और मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

जिले में दो फ्रेश कैच कियोस्क खोलने का लक्ष्य है। एक बांका शहर और दूसरा अमरपुर में। स्थल चयन की प्रक्रिया चल रही है। जल्द जमीन चिह्नित कर विभाग को प्रस्ताव भेजा जाएगा। - कृष्ण कन्हैया, जिला मत्स्य पदाधिकारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।