विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अजगैवीनाथ से देवघर जाना होगा आसान, SH-22 बनेगा फोरलेन; सर्वे और मापी का काम शुरू

Published: Fri, 02 Oct 2026 07:08 PM (IST)

अजगैवीनाथ से बिहार-झारखंड सीमा स्थित दर्दमारा तक एसएच-22 को फोरलेन में बदलने की योजना पर काम शुरू हो गया है।

मापी करते कर्मचारी। (जागरण)

मापी करते कर्मचारी। (जागरण)

HighLights

  1. अजगैवीनाथ-दर्दमारा फोरलेन सड़क परियोजना का सर्वे शुरू।

  2. करीब 99 किमी सड़क 534.53 करोड़ में होगी चौड़ी।

  3. बाजार क्षेत्रों में वैकल्पिक मार्ग की तलाश जारी।

संवाद सूत्र, बेलहर (बांका)। अजगैवीनाथ गंगा तट धाम से बाबा बैद्यनाथ धाम तक सड़क मार्ग को सुगम बनाने की दिशा में एसएच-22 को फोरलेन में बदलने की योजना आगे बढ़ गई है।

अजगैवीनाथ से बिहार-झारखंड सीमा स्थित दर्दमारा तक करीब 99 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण को लेकर सर्वे और मापी का काम शुरू हो गया है। हालिया रिपोर्ट के अनुसार इस परियोजना पर करीब 534.53 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

प्रस्तावित सड़क को करीब 72 फीट चौड़ा करने और बीच में डिवाइडर बनाने की योजना है। हालांकि बेलहर, साहबगंज, सुईया और कटोरिया बाजार में सड़क काफी संकरी है।

ऐसे में इन स्थानों पर 72 फीट भूमि उपलब्ध होना चुनौती है। संभावना है कि बाजार क्षेत्र से हटकर फोरलेन के लिए नया मार्ग तय किया जाए। फिलहाल किसी स्थान का मार्ग परिवर्तन तय नहीं हुआ है।

फोरलेन बनने से अजगैवीनाथ से देवघर की यात्रा में समय की बचत होने की उम्मीद है। वर्तमान में बेलहर, साहबगंज और सुईया जैसे बाजारों में जाम की समस्या रहती है। श्रावणी मेले के दौरान वाहनों का दबाव बढ़ने से स्थिति और गंभीर हो जाती है।

सर्वे के दौरान उपलब्ध भूमि का किया जा रहा आकलन

सर्वे के दौरान बाजार क्षेत्रों में उपलब्ध भूमि और सड़क की चौड़ाई का भी आकलन किया जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर विभाग संकरे स्थानों पर वैकल्पिक मार्ग और भू-अर्जन की प्रक्रिया का खाका तय करेगा। मकान या अन्य निर्माण सड़क की सीमा में आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- छठ महापर्व से पहले बदलेगी औरंगाबाद के देव सूर्यकुंड की सूरत, ग्रेनाइट और रेड सैंडस्टोन से सजेगा परिसर