बांका: शंभुगंज के दीघा तालाब में करमा पर्व पर बड़ा हादसा, 3 छात्राओं की डूबने से मौत
शंभुगंज, बांका में लोक पर्व करमा-धर्मा के दौरान दीघा तालाब में स्नान करते समय तीन छात्राओं की डूबने से मौत ...और पढ़ें

शंभुगंज के दीघा तालाब में करमा पर्व पर बड़ा हादसा, 3 छात्राओं की डूबने से मौत
HighLights
शंभुगंज, बांका में करमा पर्व के दौरान हादसा।
दीघा तालाब में डूबने से तीन छात्राओं की मौत।
एक को बचाने में दो अन्य गहरे पानी में डूबीं।
संवाद सहयोगी, शंभुगंज (बांका)। कसबा पंचायत में मंगलवार की शाम लोक पर्व करमा-धर्मा पर्व की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब दीघा तालाब में स्नान करने के दौरान डूबने से तीन छात्राओं की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान हीरा तांती की पुत्री पुष्पा कुमारी, संजीव उर्फ कट्कुन तांती की पुत्री मौसम कुमारी और मन्नू तांती की पुत्री सीमा कुमारी के रूप में हुई है। तीनों गांव के मध्य विद्यालय में सातवीं कक्षा की छात्रा थीं। घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया।
जानकारी के अनुसार करमा-धर्मा पर्व को लेकर मंगलवार शाम तांती बस्ती में उत्साह का माहौल था। इसी दौरान बस्ती से करीब 200 मीटर उत्तर स्थित दीघा तालाब में करीब एक दर्जन सहेलियां स्नान करने पहुंचीं।
स्नान के दौरान मौसम कुमारी अचानक तालाब में बनी गहरी खाई में चली गई और डूबने लगी। उसे बचाने के लिए पुष्पा कुमारी और सीमा कुमारी भी गहरे पानी में उतर गईं और दोनों डूब गईं।
तीनों को डूबता देख अन्य छात्राओं ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तालाब पर पहुंचे और बचाव शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद तीनों को एक-एक कर पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ की। अंचल राजस्व अधिकारी अभय कुमार ने बताया कि नियमानुसार पीड़ित स्वजनों को आपदा सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
यह भी पढ़ें- साथ रहते-रहते बिहार के युवक को पंजाब की लड़की से हुआ प्यार! दोनों भागकर पहुंचे बांका, पीछे से आ धमकी अमृतसर पुलिस
