साथ रहते-रहते बिहार के युवक को पंजाब की लड़की से हुआ प्यार! दोनों भागकर पहुंचे बांका, पीछे से आ धमकी अमृतसर पुलिस
Amritsar Girl Kidnapping Case Banka: अमृतसर से शादी की नीयत से एक युवती को भगाकर लाने के मामले में पंजाब ...और पढ़ें

Amritsar Girl Kidnapping Case Banka: शादी की नीयत से अमृतसर से युवती के अपहरण का मामला
HighLights
पंजाब पुलिस ने बांका में की बड़ी छापेमारी।
अमृतसर से भगाई गई युवती और आरोपी युवक बरामद।
आरोपी कृष्णा कुमार को पंजाब पुलिस ले गई अमृतसर।
संवाद सहयोगी, शंभुगंज (बांका)। Amritsar Girl Kidnapping Case Banka: पंजाब राज्य के अमृतसर जिले से शादी की नीयत से एक युवती को भगाकर लाने के सनसनीखेज मामले में पंजाब पुलिस ने बांका जिले में बड़ी कार्रवाई की है। अमृतसर सदर थाना की पुलिस टीम ने सोमवार को शंभुगंज थाना क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के सहयोग से बंधुडीह गांव में सघन छापेमारी की।
इस दौरान पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपित युवक कृष्णा कुमार और अपहृत युवती दोनों को सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पंजाब पुलिस दोनों को अपने साथ अमृतसर ले गई है।
मामले की जानकारी देते हुए अमृतसर सदर थाना के एएसआइ राजवीर सिंह ने बताया कि सदर थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले से युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। इस संबंध में युवती के पिता ने थाने में शादी की नीयत से अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें शंभुगंज थाना क्षेत्र के बंधुडीह गांव निवासी कृष्णा कुमार को नामजद आरोपित बनाया गया था।
किराये के मकान में रहने के दौरान हुआ था परिचय
पुलिस द्वारा जुटाई गई जानकारी के अनुसार, आरोपित कृष्णा कुमार अमृतसर में एक निजी कंपनी में कार्यरत था और वहीं एक मकान में किराये पर रहता था। इसी दौरान मकान मालिक की पुत्री से उसका संपर्क और परिचय हुआ। आरोप है कि युवक ने युवती को शादी का झांसा दिया और उसे अपने साथ लेकर पंजाब से फरार होकर बांका स्थित अपने पैतृक गांव आ गया।
तकनीकी इनपुट के आधार पर बांका में दी गई दबिश
युवती के परिजनों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करने के बाद अमृतसर पुलिस लगातार तकनीकी अनुसंधान में जुटी थी। सर्विलांस और तकनीकी इनपुट के माध्यम से पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपित युवक युवती को लेकर बांका के शंभुगंज स्थित बंधुडीह गांव में छिपा हुआ है।
इसके बाद अमृतसर पुलिस ने शंभुगंज पुलिस से संपर्क साधा और एक टीम बांका पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से संभावित ठिकानों पर दबिश देकर दोनों को पकड़ लिया गया। पुलिस अब आगे की कानूनी प्रक्रिया अमृतसर ले जाकर पूरी कर रही है।
