दर्जन भर थानाध्यक्ष बदले, अमरपुर थानाध्यक्ष लाइन हाजिर
जागरण संवाददाता, बांका : एसपी डा.सत्यप्रकाश ने गुरुवार शाम बड़ी संख्या में थानेदारों की अदला-बदला की है। बेहतर काम वाले थानेदारों को बड़ी जिम्मेवारी दी है। वहीं कुछ थानाध्यक्ष पर कार्रवाई भी की गई है। अमरपुर थानाध्यक्ष महेश कुमार को लाइन हाजिर कर दिया गया है। कटोरिया थानाध्यक्ष परीक्षित पासवान को वहां की बड़ी जिम्मेवारी दी गयी है। अमरपुर के विवादित दरोगा सुरेंद्र यादव को हटा कर चांदन भेज दिया गया है। इसी प्रकार कटोरिया थानाध्यक्ष की कमान चांदन के थानाध्यक्ष प्रवेश भारती को सौंपी गयी है। धोरैया थाना में पदस्थापित आशीष कुमार चांदन के नये थानाध्यक्ष होंगे। जबकि राज्यवर्धन कुमार को भी अरमपुर थाना भेजा गया है। चांदन थाना से ही रामाशंकर सिंह को खेसर भेजा गया है। खेसर ओपी प्रभारी शिव कुमार यादव को रजौन का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। वे इसके पहले भी रजौन में काम कर चुके हैं। जबकि रजौन थानाध्यक्ष रामप्रीत कुमार को बांका बुला लिया गया है। पंजवारा थानाध्यक्ष राजीव रंजन को हार्ड नक्सल प्रभाव वाले आनंदपुर ओपी की जिम्मेवारी दी गयी है। जबकि आनंदपुर ओपीध्यक्ष राजकपूर कुशवाहा को पंजवारा का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा पांच एएसआई को भी इधर से उधर किया गया है। एसपी डा.सत्यप्रकाश ने बताया कि पुलिसिंग सिस्टम को बेहतर करने के उद्देश्य से यह फेरबदल किया गया है। एक दो दिन के अंदर सभी थानाध्यक्ष कमान संभाल लेंगे।