विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सड़क हादसे में बुझ गया घर का चिराग, औरंगाबाद में कार की टक्कर से गई 28 वर्षीय युवक की जान 

Published: Mon, 12 Oct 2026 03:16 PM (IST)

औरंगाबाद के बारुण में NH-19 पर कार-बाइक की टक्कर में 28 वर्षीय सरोज राठौर की मौत हो गई। दुर्घटना के ...और पढ़ें

कार को हटाती मशीन। फोटो जागरण

कार को हटाती मशीन। फोटो जागरण

HighLights

  1. बारुण में NH-19 पर कार-बाइक की जोरदार टक्कर।

  2. 28 वर्षीय सरोज राठौर की घटनास्थल पर ही मौत।

  3. हादसे के बाद जीटी रोड पर लगा लंबा जाम।

संवाद सूत्र, बारुण (औरंगाबाद)। बारुण थाना क्षेत्र के सनथुआ ओवरब्रिज के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-19 जीटी रोड पर रविवार की रात कार और बाइक के बीच हुई आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार 28 वर्षीय युवक सरोज राठौर की मौत हो गई।

रोहतास के नोखा थाना क्षेत्र के भिखारीडीह राइस मिल निवासी सरोज बाइक से औरंगाबाद की ओर से डेहरी जा रहे थे। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के रहने से करीब एक घंटे तक जीटी रोड पर यातायात बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

बारुण थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि दुर्घटना में कार बीआर26एसी-9865) और ग्लैमर बाइक बीआर45आर-2619 के बीच टक्कर हुई है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही बारुण थाना की पुलिस टीम थानाध्यक्ष और दारोगा धर्मेंद्र कुमार यादव के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई।

आमने-सामने की टक्कर में गई जान

राष्ट्रीय राजामार्ग के पदाधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि कार डेहरी से औरंगाबाद की ओर जा रही थी। घटनास्थल की स्थिति देखने से प्रथम दृष्टया दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने की टक्कर होने की बात सामने आई है।

हालांकि, दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी विस्तृत जानकारी अभी नहीं मिल सकी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। कार चालक के फरार होने के बाद उसकी भूमिका को लेकर भी आगे की कार्रवाई की जा रही है।

वाहनों को हटाने के बाद सामान्य हुआ आवागमन

दुर्घटना के बाद दोनों क्षतिग्रस्त वाहन सड़क पर रहने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और जाम की स्थिति बन गई।

सूचना पर राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी नरेंद्र कुमार अपने सहयोगी कर्मियों ब्रजराज कश्यप और लक्ष्मीकांत तिवारी के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

तीनों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। युवक की मौत की खबर से स्वजन में शोक का माहौल है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

यह भी पढ़ें- सीतामढ़ी: सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 8.30 लाख की ठगी, पूर्व सर्वे अधिकारी समेत 3 पर FIR