सीतामढ़ी: सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 8.30 लाख की ठगी, पूर्व सर्वे अधिकारी समेत 3 पर FIR
सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर बाजपट्टी के एक युवक से 8.30 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया ...और पढ़ें

सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 8.30 लाख की ठगी, पूर्व सर्वे अधिकारी समेत तीन पर प्राथमिकी
HighLights
सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी।
युवक से 8.30 लाख रुपये हड़पे गए।
पूर्व सर्वे अधिकारी समेत तीन पर प्राथमिकी।
संवाद सहयोगी, बाजपट्टी। सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 8 लाख 30 हजार रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर थाना क्षेत्र के बबुरबन निवासी संतोष मंडल ने बाजपट्टी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। युवक बोखड़ा प्रखंड के मनरेगा विभाग में डेटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, दिसंबर 2023 में संतोष मंडल का संपर्क वैशाली जिले के गाजीपुर गराही निवासी पूजा भारती से हुआ था। उस समय पूजा भारती बाजपट्टी पंचायत में सर्वे पदाधिकारी के रूप में कार्यरत थीं।
आरोप है कि उसने संतोष मंडल को मद्य निषेध विभाग में एमटीएस के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद वह युवक को अपने घर भी ले गई, जहां उसकी मां गीता देवी और भाई आदित्य कुमार ने भी नौकरी दिलाने की बात की पुष्टि की।
आरोपितों ने नौकरी लगवाने के एवज में संतोष मंडल से कुल 12 लाख रुपये की मांग की थी। उनके झांसे में आकर युवक ने मैट्रिक, इंटर, आधार कार्ड और पैन कार्ड समेत अपने मूल दस्तावेज भी उन्हें सौंप दिए।
इसके बाद नौ दिसंबर 2023 से 16 जून 2024 के बीच अलग-अलग तारीखों पर बैंक चेक, फोन-पे और क्यूआर कोड के माध्यम से कुल 8 लाख 30 हजार रुपये आरोपितों के खातों में ट्रांसफर कर दिए।
युवक के अनुसार, कुछ समय बाद पूजा भारती अचानक बाजपट्टी स्थित अपना किराये का कमरा खाली कर मोबाइल फोन बंद कर सीतामढ़ी से लापता हो गई। इसके बाद संतोष मंडल ने वैशाली जिले के उसके गांव पहुंचकर जानकारी जुटाई।
वहां ग्रामीणों ने कथित तौर पर बताया कि उक्त परिवार नौकरी दिलाने के नाम पर कई लोगों के साथ ठगी कर चुका है। इस मामले में संतोष मंडल ने पूजा भारती, गीता देवी और आदित्य कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
