विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

औरंगाबाद: कृषि यंत्रों की खरीद पर मिलेगा 80% तक सब्सिडी, 31 अक्टूबर तक करें आवेदन

Published: Sat, 24 Oct 2026 06:51 PM (IST)

औरंगाबाद के किसानों को खेती की लागत घटाने और आय बढ़ाने के लिए कृषि यंत्रों की खरीद पर 40 से ...और पढ़ें

कृषि यंत्रों की खरीद पर मिलेगा 80% तक सब्सिडी (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

कृषि यंत्रों की खरीद पर मिलेगा 80% तक सब्सिडी (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। खेती की लागत घटाने और किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए सरकार आधुनिक कृषि यंत्रों की खरीद पर अनुदान देगी। कृषि यांत्रिकरण योजना के तहत औरंगाबाद के किसानों को 86 प्रकार के कृषि यंत्र अनुदानित दर पर उपलब्ध कराने के लिए 603.77 लाख रुपये यानी करीब 6.04 करोड़ रुपये की राशि निर्धारित की गई है। पात्र किसानों को कृषि यंत्रों की खरीद पर 40 से 80 प्रतिशत तक अनुदान का लाभ मिलेगा। 

योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को 31 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा। जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर कृषि विभाग योजना के क्रियान्वयन पर जोर दे रहा है। इसका उद्देश्य खेती के काम को आसान बनाने के साथ समय, श्रम और लागत की बचत करना है। 

आधुनिक कृषि यंत्रों के इस्तेमाल से खेत की तैयारी से लेकर बुवाई, रोपाई, कटाई और फसल अवशेष प्रबंधन तक के कार्य कम समय में पूरे किए जा सकेंगे।

सुपर सीडर से लेकर मिनी ट्रैक्टर पर अनुदान

योजना में स्ट्रा रीपर, स्ट्रा बेलर, पैडी ट्रांसप्लांटर, सुपर सीडर, मिनी ट्रैक्टर, पावर टिलर, रोटावेटर, जीरो टिलेज मशीन, लेजर लैंड लेवलर और रीपर कम बाइंडर जैसे कृषि यंत्र शामिल हैं। 

इसके अलावा मिनी राइस मिल, दाल मिल, ऑयल मिल और सोलर पैडी थ्रेशर सहित अन्य यंत्रों की खरीद पर भी निर्धारित प्राविधानों के अनुसार अनुदान दिया जाएगा। इससे लघु एवं सीमांत किसानों को भी आधुनिक तकनीक से खेती करने में मदद मिलेगी।

ऑनलाइन लाटरी से मिलेगा स्वीकृति पत्र

कृषि यांत्रिकरण योजना के लिए आवेदन की प्रक्रिया एक अक्टूबर से जारी है। इच्छुक किसान विभाग के आधिकारिक पोर्टल http://www.farmech.bih.nic.in पर आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के सत्यापन के बाद केंद्रीकृत आनलाइन लाटरी के माध्यम से स्वीकृति पत्र जारी किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- नहरों में पानी का प्रवाह होगा बेहतर, औरंगाबाद में 5 योजनाओं पर खर्च होंगे 36.60 करोड़ रुपये