हत्या मामले में पति के साथ सौतन गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद : नरारीकला खुर्द थाना के तेंदुआ हैवत गांव में बुधवार रात्रि
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद : नरारीकला खुर्द थाना के तेंदुआ हैवत गांव में बुधवार रात्रि रंजू कुमारी की हुई हत्या मामले में पुलिस ने पति आलोक कुमार एवं सौतन लालसा कुमारी को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया। न्यायालय ने दोनों को 14 दिन के न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि रंजू हत्या मामले में भाई कुटुंबा थाना के पिपर ढिबरा गांव निवासी मोहन कुमार ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। मृतक के भाई ने पुलिस को बताया कि आलोक की पहली पत्नी सुनीता देवी की मौत के बाद सुनीता की छोटी बहन लालसा कुमारी के साथ प्रेम विवाह कर लिया। प्रेम विवाह के बाद रंजू को प्रताड़ित करने लगा। बुधवार रात्रि में आलोक एवं लालसा ने मिलकर रंजू की हत्या कर दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में दहेज अधिनियम के तहत कांड दर्ज की गई है। शीघ्र ही गिरफ्तार पति-पत्नी के खिलाफ कोर्ट में आरोप पत्र समर्पित किया जाएगा। पुलिस ने मामले का अनुसंधान शुरू कर दिया है। बताया जाता है कि गिरफ्तार आलोक की पहली पत्नी सुनीता कुमारी के तीन वर्षीय पुत्र आर्यन कुमार का रोते बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार मृतक रंजू ही आर्यन का पोषण करती थी। हत्या के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा है।