जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र न बनने से परेशानी
दाउदनगर प्रखंड कार्यालय में नया जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत नहीं हो पा रहा है जिस कारण पंचायती राज प्रतिनिधियों के साथ ग्रामीण
दाउदनगर प्रखंड कार्यालय में नया जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत नहीं हो पा रहा है जिस कारण पंचायती राज प्रतिनिधियों के साथ ग्रामीण परेशान हैं। यह समस्या करीब एक सप्ताह से है। बताया गया कि प्रखंड कार्यालय से जन्म प्रमाण पत्र निर्गत करने का कार्य पहले एक शिक्षक के माध्यम से कराया जाता था। लेकिन करीब एक सप्ताह पूर्व संबंधित आईडी को क्लोज करते हुए इसकी जवाबदेही प्रखंड कार्यालय में कार्यरत एक कार्यपालक सहायक को दी गई। कार्यपालक सहायक का कहना है कि उन्हें भी संबंधित आईडी नहीं मिल पाया है, जिस कारण करीब एक सप्ताह से जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत होने का कार्य लंबित पड़ा है। तरार पंचायत के मुखिया सर्वोदय प्रकाश शर्मा, करमा मुखिया प्रतिनिधि धर्मेंद्र कुमार सिंह, अंछा मुखिया प्रतिनिधि अजीत कुमार सिंह का कहना है कि बीडीओ को अविलंब पहल करते हुए जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने के लिए सकारात्मक उपाय करना चाहिए। ग्रामीणों की शिकायत है कि एक तरफ जहां जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के लिए वे भटक रहे हैं तो नहीं बनने की स्थिति में पंचायती राज प्रतिनिधियों के पास भी चक्कर काट रहे हैं। बीडीओ जफर इमाम ने बताया कि यूजर आईडी की कुछ तकनीकी समस्या उत्पन्न हुई हैं इसका समाधान एक-दो दिनों के अंदर कर लिया जाएगा।