रफीगंज स्टेशन पर RPF ने 12 किलो से अधिक गांजे के साथ दो तस्कर को किया गिरफ्तार, ओडिशा से आ रही थी खेप
रफीगंज रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने 12.740 किलोग्राम गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह खेप ओडिशा ...और पढ़ें

दो तस्कर को किया गिरफ्तार
HighLights
रफीगंज स्टेशन पर आरपीएफ ने की बड़ी कार्रवाई।
12.740 किलोग्राम गांजा के साथ दो युवक गिरफ्तार।
ओडिशा से लाई जा रही थी मादक पदार्थ की खेप।
संवाद सूत्र, रफ़ीगंज (औरंगाबाद)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने रफीगंज रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 12.740 किलोग्राम गांजा के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
दोनों आरोपितों को बरामद मादक पदार्थ के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी सोननगर के हवाले कर दिया गया।
स्टेशन पर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच
आरपीएफ पोस्ट रफीगंज के निरीक्षक प्रभारी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मोनिका कुमारी, उपनिरीक्षक नितेश कुमार सिंह तथा अपराध आसूचना शाखा गयाजी की टीम ने गुरुवार को स्टेशन पर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी।
इसी दौरान पुरी-आनंद विहार नीलांचल एक्सप्रेस के स्टेशन से रवाना होने के बाद प्लेटफार्म संख्या एक और दो के पश्चिमी छोर स्थित डिहवार स्थान के पास दो युवक पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में खड़े दिखाई दिए।
उड़ीसा से लेकर आ रहे थे गांजा
गश्ती दल को देखते ही दोनों युवक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन आरपीएफ जवानों ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने स्वीकार किया कि उनके बैग में गांजा है, जिसे वे उड़ीसा के भुवनेश्वर से लेकर आ रहे हैं।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान रोहतास जिले के नासरीगंज थाना क्षेत्र के सुकहरा डेहरी निवासी रोहित कुमार तथा कराकट गोराडी थाना क्षेत्र के सकला बाजार निवासी जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है।
12 पैकेटों में 12.740 किलोग्राम गांजा बरामद
आरपीएफ ने राजस्व अधिकारी रफीगंज सलाह असमर को मौके पर बुलाकर दोनों बैगों की तलाशी कराई। रोहित कुमार के बैग से सात पैकेट बरामद हुए, जिनका कुल वजन 7.526 किलोग्राम पाया गया। वहीं जितेंद्र कुमार के बैग से पांच पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 5.214 किलोग्राम था। इस प्रकार दोनों बैगों से कुल 12 पैकेटों में 12.740 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि बरामद गांजा, दोनों आरोपितों तथा जब्ती से संबंधित सभी दस्तावेज अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी सोननगर को सौंप दिए गए हैं। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरपीएफ ने कहा कि रेलवे के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
