झारखंड से बिहार लाई जा रही थी शराब की खेप, औरंगाबाद पुलिस ने गुप्त सूचना पर पकड़ी 4080 बोतलें
औरंगाबाद पुलिस ने नबीनगर के बड़की सलैया नहर रोड से शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप गाड़ी से 4080 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की है।

झारखंड से बिहार लाई जा रही थी शराब की खेप
HighLights
औरंगाबाद पुलिस ने 4080 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की।
मुजफ्फरपुर जिले के दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
जब्त शराब की बाजार कीमत लगभग 10 लाख रुपये है।
संवाद सूत्र, नबीनगर (औरंगाबाद)। एनटीपीसी खैरा थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बड़की सलैया नहर रोड से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब लदें पिकअप गाड़ी को पकड़ा है।पुलिस ने शराब लदी पिकअप को जब्त करते हुए मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया।
पिकअप की तलाशी के दौरान सेट्रिंग के नीचे छिपाकर रखी 4080 बोतलों में करीब 841 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की बाजार कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
पिकअप को रोककर उसकी तलाशी ली
थानाध्यक्ष परमजीत कुमार मंडल ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड की ओर से शराब की बड़ी खेप पिकअप वाहन से लाई जा रही है।शराब तस्कर बड़की सलैया नहर रोड के रास्ते आगे जाने वाले हैं।सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की और उक्त मार्ग पर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान पिकअप में सामान ढोने के लिए लगाए गए सेट्रिंग के नीचे शराब छिपाकर रखे कुल 4080 बोतल बरामद हुईं।पुलिस के अनुसार इन बोतलों में करीब 841 लीटर अंग्रेजी शराब है। इसके बाद वाहन को जब्त कर लिया गया।
शराब और पिकअप को जब्त कर लिया गया
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के हुसैपुर महुआनी गांव निवासी नवीन कुमार और देवरिया थाना क्षेत्र के सोहसा गांव निवासी राहुल कुमार के रूप में हुई है।पुलिस दोनों से पूछताछ कर शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था इसकी जानकारी जुटा रही है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि शराब और पिकअप को जब्त कर लिया गया है।दोनों आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई कर रही है।
