औरंगाबाद में राख लदे हाइवा ने बुझाया घर का चिराग, खेत से लौट रहे युवा किसान की कुचलकर मौत; चार घंटे सड़क जाम
औरंगाबाद के नबीनगर में राख लदे हाइवा की चपेट में आने से 30 वर्षीय किसान सोनू कुमार सिंह की मौत ...और पढ़ें

औरंगाबाद के नबीनगर में ग्रामीणों से बात करते पुलिस अधिकारी
HighLights
नबीनगर में हाइवा की चपेट में आने से किसान की मौत।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय सोनू कुमार सिंह के रूप में हुई।
ग्रामीणों ने मुआवजे हेतु चार घंटे मुख्य पथ जाम किया।
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। औरंगाबाद के नबीनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात राख लदे हाइवा की चपेट में आने से 30 वर्षीय किसान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसा नबीनगर रोड रेलवे स्टेशन के पास स्थित रेलवे फाटक के समीप हुआ।
मृतक की पहचान नबीनगर रोड निवासी सोनू कुमार सिंह के रूप में हुई है। बताया गया कि सोनू रात में अपने खेत से पानी देखकर घर लौट रहे थे।
पीछे से आए हाइवा ने किसान को कुचला
ग्रामीणों के अनुसार सोनू खेत से लौटकर घर की ओर जा रहे थे, तभी पीछे से आ रहे राख लदे हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
हादसा इतना गंभीर था कि सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए। हादसे की खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य पथ किया जाम
घटना के विरोध में ग्रामीणों ने नबीनगर-बारुण मुख्य पथ पर आवागमन रोक दिया। सड़क पर बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
ग्रामीण हादसे के बाद मौके पर कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर डटे रहे। करीब चार घंटे तक मुख्य पथ पर यातायात बाधित रहा।
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीओ गौरव सिंह, एसडीपीओ सुशील कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर सूरज कुमार सहित पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।
नबीनगर थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार उपाध्याय, अपर थानाध्यक्ष सुमित कुमार और एसआइ जितेंद्र कुमार भी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
रात तीन बजे समझाने के बाद हटा जाम
अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर सड़क जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद करीब रात तीन बजे ग्रामीणों ने सड़क से हटने पर सहमति जताई।
इसके बाद नबीनगर-बारुण मुख्य पथ पर वाहनों का परिचालन दोबारा शुरू हो सका। करीब चार घंटे तक जाम रहने के कारण राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की कार्रवाई
जाम समाप्त होने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। हादसे को लेकर पुलिस ने आवश्यक जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, ग्रामीणों में भी हादसे को लेकर आक्रोश बना हुआ है।
