विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

औरंगाबाद को बड़ी सौगात: मेडिकल कॉलेज के लिए मिली 20 एकड़ जमीन, MBBS की होंगी 100 सीटें

Published: Thu, 08 Oct 2026 06:07 PM (GMT+05:30)

औरंगाबाद में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के लिए 20 एकड़ जमीन उपलब्ध हो गई है, जिससे वर्षों से लंबित निर्माण प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. औरंगाबाद मेडिकल कॉलेज के लिए 20 एकड़ जमीन उपलब्ध।

  2. 400.29 करोड़ की लागत से 430 बेड का अस्पताल।

  3. स्थानीय लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा और रोजगार के अवसर।

सनोज पांडेय, औरंगाबाद। जिले में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के निर्माण की दिशा में वर्षों बाद महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।

कॉलेज के लिए तत्काल 20 एकड़ जमीन उपलब्ध हो गई है। परियोजना के लिए कुल 33.77 एकड़ जमीन की जरूरत बताई गई है।

अब जमीन उपलब्ध होने के बाद निर्माण प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद बढ़ी है। करीब 400.29 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 430 बेड की व्यवस्था होगी, जबकि एमबीबीएस की 100 सीटें प्रस्तावित हैं।

जमीन उपलब्ध नहीं होने के कारण अबतक निर्माण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही थी। प्रशासनिक स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है।

जमीन के बाद अब निर्माण की चुनौती

कॉलेज के लिए जमीन उपलब्ध होने के बाद अब निर्माण प्रक्रिया को गति देना अगली प्राथमिकता है। इसके तहत कॉलेज परिसर, अस्पताल भवन, छात्रावास, चिकित्सकों के आवास, प्रशासनिक भवन और प्रयोगशालाओं समेत आवश्यक आधारभूत संरचनाओं का निर्माण किया जाना है।

इसके साथ मेडिकल शिक्षा के मानकों के अनुरूप चिकित्सकों, शिक्षकों, नर्सिंग व तकनीकी कर्मियों तथा चिकित्सा उपकरणों की व्यवस्था भी करनी होगी।

कॉलेज अस्पताल शुरू होने से गंभीर और जटिल बीमारी वाले मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में गंभीर मामलों में मरीजों को गया, पटना और अन्य बड़े चिकित्सा केंद्रों में रेफर करना पड़ता है।

430 बेड के अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सा, जांच और उपचार की सुविधाएं विकसित होने से रेफरल का दबाव कम करने में मदद मिल सकती है।

अब मेडिकल छात्रों को भी अस्पताल में व्यावहारिक प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा। इससे जिले में चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता बढ़ाने का आधार तैयार होगा।

स्थानीय कारोबार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद

जमीन उपलब्ध होने के बाद अब लोगों की नजर निर्माण प्रक्रिया पर है। निर्माण के लिए निविदा, एजेंसी का चयन और अन्य प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद परियोजना धरातल पर उतर सकेगी।

मेडिकल कॉलेज के निर्माण से स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ रोजगार और स्थानीय कारोबार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। औरंगाबाद विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है।

जमीन मिलने के बाद अब निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने का प्रयास होगा। वहीं, डीएम अभिलाषा शर्मा ने बताया कि कालेज के लिए जमीन उपलब्ध हो गई है। जमीन नहीं मिलने के कारण निर्माण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही थी।

यह भी पढ़ें- औरंगाबाद: गाय-भैंस की मौत पर नहीं डूबेगा किसान का सहारा, 75 प्रतिशत प्रीमियम देगी सरकार