जनजागरण से सफल होगा नशामुक्ति अभियान : गुप्तेश्वर पांडेय
औरंगाबाद। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित नगर भवन में मंगलवार को औरंगाबाद पुलिस के द्वारा राज्य मे
औरंगाबाद। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित नगर भवन में मंगलवार को औरंगाबाद पुलिस के द्वारा राज्य में पूर्ण नशाबंदी अभियान की सफलता को लेकर जन जागरण सभा आयोजित की गई। उद्घाटन बीएमपी के पुलिस महानिदेशक गुप्तेश्वर पांडेय, डीएम राहुल रंजन महिवाल, एसपी डा. सत्यप्रकाश एवं पूर्व विधायक ललन राम ने दीप प्रज्जवलित कर किया। जिले के सभी प्रखंडों से आए ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डीजी ने कहा कि राज्य सरकार के मुखिया नीतीश कुमार ने ऐतिहासिक फैसला लेते हुए शराबबंदी कानून लागू किया है। शराबबंदी एवं नशामुक्ति को लेकर पूरे राज्य में अभियान चलाया जा रहा है। अभियान तभी सफल होगा जब जनता की सहभागिता होगी। शराब एवं नशा के सेवन से स्वास्थ्य पर होने वाले हानिकारक प्रभाव को बताया। कहा कि जवानी बुढ़ापा में बदल जाता है। शराब पीने वालों की बुद्धि नष्ट हो जाती है। वे पशु के समान हो जाते हैं। दुष्कर्म, हत्या जैसी जघन्य अपराध को कर बैठते हैं। शराब के नशे में पागल का रूप हो जाते हैं। मनुष्य की चेतना में गिरावट आ जाती है। डीजी ने समाचार पत्रों में दो, चार, छह, आठ वर्ष की बच्चियों के साथ हो रही दुष्कर्म की घटना की चर्चा करते हुए कहा कि यह सब मनुष्य की चेतना में गिरावट हो रही है। उदाहरण देते हुए कहा कि मानव में वह शक्ति है कि पत्थर से दरिया निकल जाती है। शराबबंदी कानून की चर्चा करते हुए कहा कि इसमें इतने कड़े प्रावधान किए गए हैं कि जिन पुलिसकर्मियों की संलिप्तता उजागर हो रही है, बर्खास्त हो रहे हैं। जेल भेजे जा रहे हैं। कहा कि शराब एवं नशा के खिलाफ जनता जाग चुकी है। अभियान सफल होकर रहेगा। शराबबंदी के पहले शराब पीने से हुई मौत के बारे में बताते हुए डीजी ने कहा कि नशामुक्ति अभियान के तहत हमने 35 जिलों में 135 से अधिक सभा की है। सभी जगह अभियान में समाज के हर वर्ग के लोगों का समर्थन मिला है। डीजी ने समाज में हर संप्रदाय के लोगों को एक सूत्र में बंधकर जीने का संदेश दिया। कहा कि देश की आजादी में सभी संप्रदाय के लोग अपनी शहादत दे रहे हैं, लहू बहा रहे हैं। डीएम ने कहा कि शराबबंदी समाज का बहुत बड़ा अभियान है। जनता के सहयोग से ही अभियान सफल होगा। शराबबंदी से कई परिवार बर्बाद होने से बचा है। शराबियों की बेमौत रूकी है। नशामुक्त समाज के निर्माण में सभी की सहभागिता बताया। एसपी ने बताया कि शराब एवं नशामुक्ति को लेकर सरकार ने कड़ा कानून बनाया है। कानून के शिकंजा से कोई बच नहीं सकता है। कहा कि लुका-छिपाकर धंधेबाजों के खिलाफ भी पुलिस की कार्रवाई जारी है। सभा का संचालन दाउदनगर एसडीपीओ राजकुमार तिवारी ने किया। एसडीओ डा. प्रदीप कुमार, एसडीपीओ अनूप कुमार के अलावा सभी सर्किल इंस्पेक्टर एवं थानाध्यक्ष मौजूद रहे।