औरंगाबाद में 8 अवैध नर्सिंग होम और अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर छापा, 50-50 हजार रुपये का लगा जुर्माना
औरंगाबाद के रफीगंज में स्वास्थ्य विभाग ने आठ अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटरों और निजी नर्सिंग होम पर छापेमारी की है।
-1795176626678_m.webp)
कार्रवाई के दौरान बंद निजी नर्सिंग होम। (जागरण)
HighLights
रफीगंज में आठ अवैध अल्ट्रासाउंड व निजी क्लीनिक पर छापेमारी।
पांच संस्थान अवैध पाए गए, 50-50 हजार रुपये का जुर्माना।
दोबारा उल्लंघन पर 2 लाख जुर्माना, तीसरी बार में सील होंगे।
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। जिले में अवैध रूप से संचालित अल्ट्रासाउंड सेंटरों और निजी नर्सिंग होम के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है।
इसी क्रम में शुक्रवार को रफीगंज प्रखंड मुख्यालय में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक साथ आठ संस्थानों में छापेमारी की। जांच के दौरान सभी पांचों संस्थान अवैध रूप से संचालित पाए गए।
इनमें साईं अल्ट्रासाउंड, अपोलो अल्ट्रासाउंड, अल्प साईं अल्ट्रासाउंड, महादेव नर्सिंग होम और उपेंद्र पासवान अस्पताल समेत अन्य शामिल हैं।
विभाग ने सभी संस्थानों पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। छापेमारी अभियान का नेतृत्व प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अरविंद कुमार ने किया।
टीम में जिला गैर संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. रविरंजन एवं जिला मलेरिया पदाधिकारी डॉ. सुनील कुमार शामिल रहे। टीम ने संबंधित संस्थानों के लाइसेंस एवं संचालन से जुड़े आवश्यक कागजातों की जांच की। जांच में वैध लाइसेंस नहीं मिलने पर सभी के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
तीन बार की कार्रवाई का तय किया गया प्रावधान
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि अवैध रूप से अल्ट्रासाउंड सेंटर एवं निजी अस्पतालों का संचालन किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पहली बार पकड़े जाने पर संबंधित संस्थान पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जा रहा है।
जुर्माना जमा करने के बाद भी यदि कोई संस्थान बिना लाइसेंस के दोबारा संचालन करता पाया जाता है तो दूसरी बार की छापेमारी में दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन जारी रहने पर तीसरी बार प्राथमिकी दर्ज कराते हुए संबंधित अल्ट्रासाउंड सेंटर अथवा निजी नर्सिंग होम को सील किया जाएगा।
14 स्वास्थ्य संस्थानों पर हो चुकी है कार्रवाई
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि रफीगंज क्षेत्र में इसके पूर्व भी अवैध संस्थानों के विरुद्ध छापेमारी की जा चुकी है।
संकल्प नर्सिंग होम, साक्षी नर्सिंग होम, हर्ष गोपाल अल्ट्रासाउंड, सत्यम नर्सिंग होम, आशीर्वाद नर्सिंग होम और बच्चा हॉस्पिटल समेत करीब 14 अल्ट्रासाउंड सेंटर एवं निजी नर्सिंग होम पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है।
बावजूद इसके संबंधित संस्थानों ने अब तक जुर्माने की राशि जमा नहीं की है। विभाग ने जुर्माना नहीं भरने वाले संस्थानों के विरुद्ध भी अगली कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
जल्द ही इन संस्थानों में दोबारा छापेमारी की जाएगी। दूसरी बार पकड़े जाने पर दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके बाद भी अवैध संचालन जारी रहने पर प्राथमिकी दर्ज कर संस्थान को सील किया जाएगा।
यह अभियान किसी एक दिन की कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगा। अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटरों और निजी नर्सिंग होम के विरुद्ध लगातार छापेमारी की जाएगी। बिना वैध लाइसेंस के स्वास्थ्य संस्थानों का संचालन पूरी तरह बंद कराना विभाग की प्राथमिकता है। मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। छापेमारी के बाद फाइन करते हुए सभी अस्पतालों को नोटिस दिया गया है।
डॉ. कृष्ण कुमार, सिविल सर्जन औरंगाबाद।