मारपीट मामले में 27 दिन बाद दर्ज हुई प्राथमिकी
एनटीपीसी खैरा थाना के अंकोरहा गांव में होलिकादहन के दिन दो गुटों के बीच हुई मारपीट मामले की प्राथमिकी 27 दिन बाद दर्ज की गई है। मारपीट में घायलों के द्वारा सदर
औरंगाबाद। एनटीपीसी खैरा थाना के अंकोरहा गांव में होलिका दहन के दिन दो गुटों के बीच हुई मारपीट मामले की प्राथमिकी 27 दिन बाद दर्ज की गई है। मारपीट में घायलों के द्वारा सदर अस्पताल में नगर थाना पुलिस को 21 मार्च को बयान दिया गया था और 27 दिन बाद बयान एनटीपीसी खैरा थाना पहुंचा तब 18 अप्रैल को मामले की प्राथमिकी दर्ज हुई है। अंकोरहा के सरोज सिंह के बयान पर दर्ज प्राथमिकी में दारोगा प्रजापति, शिवपूजन प्रजापति, यमुना प्रजापति, बुधन प्रजापति, दर्शन प्रजापति, सोनू प्रजापति, अमित प्रजापति, विकास प्रजापति, महेश प्रजापति, रंजन प्रजापति, निगम कुमार एवं जग्गु प्रजापति नामजद अभियुक्त बने हैं। दूसरे गुट से कमलेश प्रजापति ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। पैक्स अध्यक्ष सह मुखिया प्रतिनिधि कुमार राजेंद्र सिंह, संजय सिंह, धनंजय सिंह, अजय सिंह, सरोज सिंह, मंटू सिंह, नितेश सिंह, मनीष सिंह समेत अन्य अभियुक्त बने हैं। पुलिस ने दोनों गुटों के तरफ से मामला दर्ज कर तहकीकात कर रही है। घटना का कारण होलिका दहन को लेकर उपजे विवाद बताया जाता है। मारपीट में दोनों गुटों से चार ग्रामीण घायल हुए थे।