यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 18, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गोह के डड़वां में किसान की गोली मार हत्या
उपहारा थाना के डड़वां गांव में बुधवार रात्रि सशस्त्र अपराधियों ने किसान मनोहर कांत उर्फ मिथिलेश यादव की गोली मार हत्या कर दी। आधा दर्जन

औरंगाबाद। उपहारा थाना के डड़वां गांव में बुधवार की रात सशस्त्र अपराधियों ने किसान मनोहर कांत उर्फ मिथिलेश यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। आधा दर्जन की संख्या में रहे अपराधियों ने किसान को खेत में ले जाकर गोली मारी है। हत्या की इस घटना के बाद से गांव में दहशत व्याप्त है। पुलिस ने शुक्रवार सुबह किसान का शव बरामद कर पोस्टमार्ट कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। उपहारा थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष अरविद कुमार सिंह ने बताया कि हत्या वर्चस्व को लेकर हो सकती है। इस गांव नौ माह पहले भी राजा यादव के पुत्र योगेंद्र यादव की हत्या की गई थी। मृतक की पत्नी किरण देवी ने बताया कि मेरे पति गांव से उत्तर दिशा की ओर लगभग आठ बजे रात में अपने खेत का पटवन कर रहे थे। आधा दर्जन की संख्या में अपराधी पहुंचे और गोली मारकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि बुधवार की रात में आधा दर्जन लोग मेरे घर पर पहुंचे जिसमें कुछ लोग गांव के थे। उसने आकर सबसे पहले मेरे पति को खोजा। जब वह घर में नहीं मिले तो बधार में जाकर गोली मार दी। गोली की आवाज ग्रामीणों ने सुनी परंतु रात में बधार जाने की हिम्मत किसी ने नहीं जुटाई। इस हत्या को ग्रामीण नौ माह पहले राजा यादव के पुत्र जोगेंद्र कुमार की हत्या से जोड़कर देख रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जोगेंद्र की हत्या के आरोप में मृतक मिथिलेश यादव के चाचा जगदीप यादव में जेल में बंद हैं। ग्रामीण आगे कुछ बताना नहीं चाहते हैं। कहा जा रहा है कि इस गांव में हत्या का सिलसिला चल पड़ा है। दो परिवार के बीच खूनी संघर्ष कब तक चलेगा यह आनेवाला समय बताएगा। प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक मिथिलेश के पिता अंबिका यादव के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस इलाके की नाकेबंदी कर अपराधियों की गिरफ्तारी को छापेमारी कर रही है।