विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मैं MLC बोल रहा हूं, काम करो वरना...', फोन कर अफसरों पर जमाता था धाक, चढ़ा बिहार पुलिस के हत्थे

Published: Wed, 02 Sep 2026 10:18 PM (IST)

औरंगाबाद में फर्जी सिम के जरिए खुद को एमएलसी बताकर सरकारी अधिकारियों को धमकाने वाले दीनदयाल पांडेय को गिरफ्तार किया गया है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. फर्जी एमएलसी बनकर अधिकारियों को धमकाने वाला गिरफ्तार।

  2. आरोपी दीनदयाल पांडेय के पास से फर्जी सिम बरामद।

  3. पूर्व में भी आपराधिक इतिहास, जमानत पर था आरोपी।

जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। फर्जी सिम के जरिए खुद को एमएलसी बताकर सरकारी अधिकारियों व कर्मियों पर अनुचित दबाव बनाने वाले शातिर दीनदयाल पांडेय को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपित देव थाना क्षेत्र के गुरगैया गांव का निवासी है। उसके पास से धमकी देने में इस्तेमाल फर्जी सिम कार्ड और मोबाइल बरामद किया गया है।

एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा के अनुसार एक सितंबर को देव थाना में कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटर पप्पू कुमार के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आई थी।

कॉल करने वाले ने खुद को एमएलसी बताते हुए रागिनी कुमारी और दीनदयाल पांडेय का चरित्र प्रमाण पत्र जबरन बनाने का दबाव दिया। काम नहीं करने पर नौकरी से हटवाने की धमकी दी गई।

मामले की सूचना वरीय अधिकारियों को दी गई। तकनीकी शाखा ने नंबर की जांच की गई। जांच में सिम देव थाना क्षेत्र के गुरगैया गांव निवासी अरुण कुमार यादव के नाम पर जाली दस्तावेज से जारी होने की जानकारी मिली।

कई अधिकारियों को किया फोन

इस नंबर से पूर्व में कई बीडीओ, एसडीओ व अन्य अधिकारियों को भी फोन किया गया था। गिरफ्तार दीनदयाल पांडेय ने पूछताछ में उसने खुद को एमएलसी संजय कुमार यादव बताकर अधिकारियों पर दबाव बनाने और स्थानांतरण की धमकी देने की बात स्वीकार की है।

मामले में देव थाना में उसके खिलाफ प्राथमिकी की गई है। गिरफ्तार आरोपित का वर्ष 2018 का भी आपराधिक इतिहास है। इस मामले में उसके खिलाफ न्यायालय में आरोप पत्र समर्पित किया गया है। इस मामले में वह जमानत पर है।

यह भी पढ़ें- गोपालगंज के एक होटल में देह व्यापार की सूचना पर पुलिस का छापा, हिरासत में लिए गए 14 युवक-युवतियां