खाद को लेकर किसानों ने किया सड़क जाम
संवाद सूत्र, ओबरा (औरंगाबाद) : खाद न मिलने से किसान बेचैन हैं। खाद को लेकर हंगामा मचा है
संवाद सूत्र, ओबरा (औरंगाबाद) : खाद न मिलने से किसान बेचैन हैं। खाद को लेकर हंगामा मचा है। किसानों को उचित मूल्य पर खाद नहीं मिल रहा है। हालात यह है कि खाद के लिए बेचैन किसान दुकान का चक्कर लगाते थक चुके हैं। गांवों से खाद लेने ओबरा पहुंचे किसानों ने बेल मोड़ के पास सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। औरंगाबाद-पटना मुख्य पथ को जाम कर नारेबाजी करने लगे। कहने लगे कि खाद को कालाबाजार में बेचा जा रहा है। दाम से अधिक मूल्य पर खाद मिल रहा है। किसान मनोज पांडेय, चुन्नू शर्मा एवं गुड्डू चंद्रवंशी के साथ अन्य किसानों ने बताया कि खाद की किल्लत से धान के पौधे प्रभावित हो रहे हैं। कई दिनों से खाद के लिए हम सभी परेशान है। सुबह घर से निकलते हैं और ओबरा पहुंचने से पहले खाद बांट दी जाती है। हमें खाद नहीं मिल रहा है। खाद के कारण धान की खेती प्रभावित हो रही है। सड़क जाम की सूचना पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी अनिल चौधरी एवं अवर निरीक्षक मनोज कुमार पहुंचे। किसानों को समझाकर जाम हटाया। कहा कि खाद को लेकर जाम करने की जरूरत नहीं है। सभी किसानों को शीघ्र ही खाद उपलब्ध करा दिया जाएगा। सड़क करीब आधे घंटे जाम रहा जिस कारण चालक एवं यात्री परेशान हुए। बता दें कि जिले में खाद के लिए हाहाकार मचा है। खाद न मिलने से किसान बेचैन हैं।