तीन राज्यों में फैला है संतोष गिरोह का जाल
नवीनगर थाना पुलिस के हत्थे चढ़ा कुख्यात अपराधी संतोष पासवान के गिरोह का जाल बिहार यूपी एवं झारखंड तक फैला है। वह नवीनगर थाना के कुर्मी पोखरा गांव
औरंगाबाद। नवीनगर थाना पुलिस के हत्थे चढ़ा कुख्यात अपराधी संतोष पासवान के गिरोह का जाल बिहार, यूपी एवं झारखंड तक फैला है। वह नवीनगर थाना के कुर्मी पोखरा गांव का निवासी है। पुलिस ने शनिवार को संतोष को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के न्यायालय में पेश किया जहां से उसे मंडल कारा औरंगाबाद भेज दिया गया है। एसपी दीपक वर्णवाल ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी के गिरोह द्वारा यूपी के सोनभद्र जिले के चोपन के नगर चेयरमैन इम्तेयाज अहमद की हत्या 25 अक्टूबर 2018 को गोली मार तब की गई थी जब चेयरमैन चोपन पार्क में सुबह टहल रहे थे। चेयरमैन की हत्या रिकु भारद्वाज ने सुपारी देकर संतोष के गिरोह से कराया था। एसपी ने बताया कि संतोष गिरोह का मुख्य सरगना नवीनगर के मंझीयावां गांव निवासी अखिलेश ठाकुर को नवीनगर पुलिस के द्वारा 15 सितंबर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। दोनों अपराधियों पर यूपी पुलिस ने 50-50 हजार का इनाम घोषित कर रखा था। गिरफ्तार संतोष चोपन के चेयरमैन की हत्या मामले में दर्ज चोपन थाना कांड संख्या 238/18 में फरार चल रहा था। इसके खिलाफ नवीनगर में दो एवं मदनपुर में एक आपराधिक मामला दर्ज है। इसके गिरोह को मुख्य पेशा सुपारी लेकर हत्या करना है। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार संतोष के पास से नाईन एमएम पिस्टल, तीन कारतूस, दो मोबाइल बरामद किया गया है। बरामद मोबाइल का कॉल डिटेल्स खंगाला जा रहा है। इसके द्वारा अपने गिरोह के बारे में किए गए पर्दाफाश के आधार पर अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुरस्कृत होंगे छापेमारी दल के अधिकारी
कुख्यात अपराधी संतोष पासवान की गिरफ्तारी करने में शामिल छापेमारी दल के पुलिस अधिकारी पुरस्कृत किए जाएंगे। गिरफ्तारी में थानाध्यक्ष श्यामकिशोर सिंह, दारोगा धनंजय शर्मा, सच्चिदानंद पांडेय, पवन कुमार के साथ थाना के पुलिस बल शामिल थे। एसपी ने बताया कि सभी को पुरस्कृत किया जाएगा। इनाम की राशि छापेमारी दल को देने के लिए यूपी पुलिस को पत्र लिखा जाएगा।