आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार की मौत, दो गंभीर
दाउदनगर-पटना नेशनल हाइवे पर केरा गांव के आसपास सोमवार की रात आमने-सामने हुई बाइक की टक्कर में युवक की मौत हो गई। दो अन्य जख्मी हो गए।
दाउदनगर (औरंगाबाद)। दाउदनगर-पटना नेशनल हाइवे पर केरा गांव के आसपास सोमवार की रात आमने-सामने दो बाइकों में भिड़ंत हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दाउदनगर प्रखंड के कनाप पंचायत के रतनपुर निवासी मुन्ना शर्मा दाउदनगर की ओर से अपनी बाइक से गांव लौट रहे थे। घटनास्थल पर उनकी टक्कर सामने से आ रहे एक बाइक सवार से हो गई। घायल अवस्था में उन्हें औरंगाबाद रेफर किया गया, जहां टाउन थाने की पुलिस ने उनका बयान दर्ज किया गया। इसी बीच उनकी मौत हो गई। उनकी उम्र 35 वर्ष बताई जाती है। उनके शव का पोस्टमॉर्टम कराकर मंगलवार को स्वजनों को सौंप दिया गया। जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया।
इधर, विपरीत दिशा अरवल से दाउदनगर लौट रहे संजय राम और विक्की कुमार भी बाइक टक्कर में गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों दूसरी बाइक पर सवार थे। संजय राम मूलत: बक्सर का निवासी बताया जाता है। दाउदनगर के वार्ड नंबर सात में वह विक्की के साथ रहता है। दोनों घायलों का इलाज निजी हॉस्पिटल में किया गया। दोनों गंभीर रूप से घायल हैं। थानाध्यक्ष अरविद कुमार गौतम ने घटना की पुष्टि की।
जानकारी के अनुसार मुन्ना शर्मा के पिता का नाम भुनेश्वर शर्मा है। मुन्ना अपने गांव में ही आटा चक्की मिल चलाते हैं और अपनी जीविकोपार्जन करते हैं। उनका विवाह लट्ठा गांव में हुआ है। बताया गया कि उनकी तीन पुत्रियां और एक पुत्र है।
-----------------
दुर्घटना
- केरा गांव के पास सोमवार की देर रात हुई थी घटना
- मौत से पहले मुन्ना ने दर्ज कराया पुलिस को अपना बयान
----------------