बिहार में पुलिसकर्मी की नाबालिग बेटी से दुष्कर्म, वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने पर FIR दर्ज
औरंगाबाद में एक पुलिसकर्मी की नाबालिग बेटी को नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म किया गया। आरोपी ने वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया, ...और पढ़ें

नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
पुलिसकर्मी की नाबालिग बेटी से नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म।
आरोपी ने वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया, वायरल करने की धमकी।
आरोपी रोशन प्रजापति के खिलाफ प्राथमिकी, पुलिस तलाश में।
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एक गांव में बिहार पुलिस में कार्यरत एक पुलिसकर्मी की नाबालिग पुत्री को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म करने और घटना का वीडियो व फोटो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। मामले में नाबालिग की मां के बयान पर गांव के ही रौशन प्रजापति के खिलाफ सोमवार को थाना में प्राथमिकी कराई गई है।
प्राथमिकी के अनुसार घटना के दिन नाबालिग की मां और दादी औरंगाबाद बाजार गई थी। घर में किसी के नहीं रहने का फायदा उठाकर आरोपित युवक ने कथित तौर पर नाबालिग को मिठाई में नशीली दवा मिलाकर खिला दी। इसके बाद उसके बेहोश होने पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया।
युवक ने वीडियो और फोटो नाबालिग को दिखाए
आरोप है कि युवक ने घटना का वीडियो बनाने के साथ तस्वीर भी ले लिया। घटना के बाद आरोपित युवक ने वीडियो और फोटो नाबालिग को दिखाए और उसके मोबाइल पर भी भेजे। इसके बाद वह वीडियो और तस्वीरों को इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने लगा।
आरोप है कि वीडियो वायरल करने की धमकी देकर वह लगातार नाबालिग पर दबाव और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। मां के अनुसार करीब 10 दिनों से आरोपित युवक नाबालिग पर रात में अपने घर आने के लिए दबाव बना रहा था।
उसने कथित तौर पर प्रलोभन दिया कि एक सेठ से एक रात के लिए दो लाख रुपये दिलवा देगा। नाबालिग ने जब उसकी बात मानने से इनकार कर दिया तो आरोपित ने कथित वीडियो और तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर वायरल करना शुरू कर दिया। इसके बाद स्वजन को घटना की जानकारी हुई।
आरोपित की ओर से धमकी देने का आरोप
सोमवार को नाबालिग के स्वजन आरोपित के घर पूछताछ करने पहुंचे तो आरोपित की ओर से धमकी देने का आरोप है। इसके बाद नाबालिग की मां ने थाना में प्राथमिकी कराई। पुलिस के अनुसार रौशन प्रजापति के खिलाफ प्राथमिकी कर जांच की जा रही है।
प्राथमिकी होने के बाद आरोपित गिरफ्तारी के डर से फरार हो गया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में नाबालिग का मेडिकल जांच कराया जाएगा। पुलिस के अनुसार अब तक की जांच में मामला प्रेम प्रसंग का सामने आया है परंतु नाबालिग है जिस कारण सख्त कार्रवाई की जाएगी।
