विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

औरंगाबाद में 3 दिन मौसम खराब, आंधी-पानी और वज्रपात का अलर्ट; 60 KM की रफ्तार से चल सकती है हवा

Published: Tue, 27 Oct 2026 04:44 PM (IST)

औरंगाबाद जिले में 28 से 30 अक्टूबर तक तेज आंधी, वर्षा, मेघ गर्जन और वज्रपात की आशंका है, जिसके लिए मौसम संबंधी चेतावनी जारी की गई है।

औरंगाबाद में 3 दिन मौसम खराब, आंधी-पानी और वज्रपात का अलर्ट (AI Generated Image)

औरंगाबाद में 3 दिन मौसम खराब, आंधी-पानी और वज्रपात का अलर्ट (AI Generated Image)

HighLights

  1. औरंगाबाद में 28-30 अक्टूबर तक तेज आंधी-वर्षा, वज्रपात की आशंका।

  2. मौसम विभाग ने 60 किमी/घंटा हवा के साथ चेतावनी जारी की।

  3. जिलाधिकारी ने आमजनों, किसानों को सतर्क रहने की अपील की।

जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। जिले में अगले तीन दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बिगड़ने की आशंका है। 28 से 30 अक्टूबर तक तेज आंधी, वर्षा, मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर मौसम संबंधी चेतावनी जारी की गई है।

इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है, जिसकी गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।

इसे देखते हुए जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने आमजनों से सतर्कता बरतने और जरूरी सावधानियां अपनाने की अपील की है।

जिलाधिकारी ने कहा कि खराब मौसम के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी जान-माल के नुकसान का कारण बन सकती है। मेघ गर्जन और वज्रपात के समय खुले मैदान, खेत, ऊंचे एवं अकेले पेड़ और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें।

मौसम खराब होने पर सुरक्षित पक्के मकान में शरण लें। अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से परहेज करें। विशेषकर खेतों में काम करने वाले किसान और मजदूर मौसम की चेतावनी को गंभीरता से लें।

कटी फसल को सुरक्षित रखने की करें व्यवस्था

जिलाधिकारी ने किसानों एवं खेतिहर मजदूरों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। कहा कि मौसम पूर्वानुमान को ध्यान में रखकर कृषि कार्यों की योजना बनाएं।

खेतों में कटी हुई फसल को वर्षा और तेज हवा से बचाने के लिए सुरक्षित स्थान पर रखने की व्यवस्था करें। इससे संभावित नुकसान को कम किया जा सकता है।

पशुपालकों को भी खराब मौसम के दौरान अपने पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है।

गांव-गांव तक पहुंचाई जा रही चेतावनी

मौसम संबंधी चेतावनी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने संबंधित पदाधिकारियों को व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

आपदा मित्र, जीविका दीदियों और अन्य सामुदायिक स्वयंसेवकों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा, ताकि समय रहते बचाव के उपाय अपनाए जा सकें।

जिला प्रशासन ने आमजनों से आधिकारिक मौसम चेतावनियों का पालन करने, सतर्क रहने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।

यह भी पढ़ें- चक्रवात अर्णब की चेतावनी से शाहपुर में बुवाई पर ब्रेक, बारिश हुई तो सड़ सकते हैं दलहनी-तेलहनी फसलों के बीज

यह भी पढ़ें- Bihar Weather Update: बिहार में चक्रवाती तूफान का असर, तेज हवाओं के साथ बारिश और वज्रपात का अलर्ट