औरंगाबाद में हाइवा से कुचलकर शिक्षक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जताया विरोध
देव (औरंगाबाद) में हाइवा की चपेट में आने से निजी स्कूल के शिक्षक अशोक कुमार की मौत हो गई। हादसे ...और पढ़ें

विद्यालय जाने के दौरान हुआ हादसा
HighLights
देव (औरंगाबाद) में हाइवा से कुचलकर शिक्षक की मौत।
आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने भारी वाहनों के परिचालन पर रोक की मांग की।
संवाद सूत्र, देव (औरंगाबाद)। देव थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर भवानीपुर मोड़ के पास शनिवार को हाइवा की चपेट में आने से निजी विद्यालय के शिक्षक अशोक कुमार की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना की सूचना पर देव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।
विद्यालय जाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, देव प्रखंड कार्यालय के पास रहने वाले प्रमोद सिंह के पुत्र अशोक कुमार प्रतिदिन की तरह शनिवार सुबह साइकिल से अपने निजी विद्यालय में पढ़ाने जा रहे थे।
जैसे ही वे भवानीपुर मोड़ के समीप पहुंचे, देव की ओर से तेज गति से आ रहे हाइवा ने साइकिल सवार शिक्षक को कुचल दिया। दुर्घटना में शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई।
भारी वाहनों के परिचालन पर रोक की मांग
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने की मांग करने लगे।
ग्रामीणों का कहना था कि इस मार्ग पर पूर्व में भी हाइवा और ट्रकों के तेज गति से परिचालन की शिकायत की जाती रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद पुलिस और अन्य अधिकारियों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
तेज रफ्तार वाहनों से हादसे का डर
ग्रामीणों ने कहा कि मार्ग पर तेज रफ्तार में हाइवा और अन्य भारी वाहनों के परिचालन से प्रतिदिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
सड़क किनारे स्थित घरों और आसपास रहने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी ग्रामीण चिंतित हैं। उनका कहना था कि भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण और परिचालन को लेकर ठोस व्यवस्था की जरूरत है।
अधिकारियों के समझाने पर भी नहीं माने ग्रामीण
सड़क जाम की सूचना पर बीडीओ दीपक कुमार और थानाध्यक्ष कुमार सौरभ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने और जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों का आक्रोश बना रहा।
पुलिस ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद शिक्षक के स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें- हाजीपुर-मुजफ्फरपुर NH-22 पर भीषण हादसा, कार सवार अधिवक्ता का सिर धड़ से अलग, एक की मौत तीन वकील घायल
