औरंगाबाद में पुलिस टीम पर भीड़ ने मारे पत्थर, जबरन छुड़ा ले गए मवेशियों से भरा जब्त वाहन; अब प्रशासन का एक्शन
औरंगाबाद के दाउदनगर में मवेशी लदे वाहन को जब्त करने पहुंची पुलिस टीम पर भीड़ ने पथराव कर दिया और ...और पढ़ें

औरंगाबाद के दाउदनगर थाना परिसर में खड़ी अधिकारियों की गाड़ी। फोटो जागरण
HighLights
दाउदनगर में पुलिस टीम पर भीड़ ने पथराव किया।
भीड़ ने जब्त मवेशी लदे वाहन को जबरन छुड़ाया।
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
संवाद सूत्र, दाउदनगर (औरंगाबाद)। औरंगाबाद के दाउदनगर शहर के पिराहीबाग इलाके में सोमवार की रात पुलिस टीम पर भीड़ द्वारा पथराव किए जाने और जब्त मवेशी लदे वाहन को जबरन छुड़ा ले जाने का मामला सामने आया है।
मवेशियों के क्रूरतापूर्ण परिवहन की सूचना पर पहुंची पुलिस कार्रवाई कर ही रही थी, तभी करीब 60 से 70 लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर चलाने लगी।
इसी दौरान उपद्रवी पुलिस के कब्जे से मवेशी लदे वाहन को जबरन छुड़ाकर ले गए। घटना में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपितों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
कागजात के सत्यापन के दौरान जुटी भीड़
बताया जाता है कि पुलिस को पिराहीबाग इलाके में मवेशियों के अवैध अथवा क्रूरतापूर्ण परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मवेशी लदे वाहन को जब्त कर लिया।
संबंधित लोग मवेशियों से जुड़े कागजात पुलिस को दिखा रहे थे और पुलिस उनका सत्यापन कर रही थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
कुछ ही देर में भीड़ ने हंगामा शुरू कर दिया और पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। अफरातफरी के बीच भीड़ जब्त वाहन को लेकर फरार हो गई।
तड़के कई ठिकानों पर पुलिस की दबिश
घटना के बाद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए मंगलवार अहले सुबह एसडीपीओ चंद्र भूषण के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस ने पिराहीबाग इलाके में सघन छापेमारी की।
अभियान में पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार, थानाध्यक्ष विकास कुमार, अपर थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार, हसपुरा थानाध्यक्ष दिनेश कुमार, ओबरा थानाध्यक्ष नीतीश कुमार और देवकुंड थाने की पुलिस शामिल रही।
एसडीपीओ ने बताया कि कई संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस उनकी भूमिका की जांच कर रही है और सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।
