अरवल में चोरी का विरोध करने पर मर्डर, बदमाशों ने ट्रक चालक को चाकू से गोदा; मौके पर मौत
अरवल में खभैनी मोड़ के पास एनएच-139 पर चोरी का विरोध करने पर एक ट्रक चालक प्रदीप कुमार की बदमाशों ने चाकू मारकर हत्या कर दी।

पोस्टमार्टम हाउस के बाहर पीड़ित स्वजन व ग्रामीण
HighLights
चोरी का विरोध करने पर ट्रक चालक की हत्या
बदमाशों ने चाकू से किए कई वार
पुलिस कर रही संदिग्धों से पूछताछ
जागरण संवाददाता, अरवल। अरवल जिले के खभैनी मोड़ के पास पटना -औरंगाबाद एनएच- 139 पर गुरुवार की सुबह चोरी का विरोध करना एक ट्रक चालक को भारी पड़ गया। बदमाशों ने चाकू से कई वार कर 30 वर्षीय ट्रक चालक प्रदीप कुमार की हत्या कर दी।
मृतक की पहचान स्थानीय वलिदाद, नट बिगहा निवासी स्वर्गीय बिंदर नट के 30 वर्षीय पुत्र प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। प्रदीप कुमार ट्रक चलाने का काम करते थे। वह अपना ट्रक खभैनी मोड़ के पास खड़ा कर स्वजन से मिलने घर चले गए थे, जबकि उनके साथी खलासी ट्रक में ही सो रहे थे।
बदमाश ट्रक का शीशा तोड़कर अंदर घुसे
सुबह करीब चार बजे कुछ बदमाश ट्रक का शीशा तोड़कर अंदर घुसे और खलासी के पास से सात हजार रुपये नकद तथा एक मोबाइल फोन चोरी कर लिया। इसी दौरान प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे और बदमाशों को भागते देख शोर मचाने लगे। बदमाशों ने उन पर धारदार चाकू से कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंचे स्वजन और पुलिस उन्हें तत्काल वालिदाद बाजार के पास निजी अस्पताल में ले गए, जहां से गंभीर हालत में अरवल सदर अस्पताल रेफर किया गया। सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग
मौत की सूचना से परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी ने अपना जीवनसाथी खो दिया, दो बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया और मां का सहारा छिन गया। ग्रामीणों और स्वजन ने घटना पर गहरा आक्रोश जताते हुए आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
सदर थाना अध्यक्ष दरबारी चौधरी ने बताया कि मामले में कई संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का उद्वेदन कर दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- अरवल में शादी के 5 महीने बाद ही दहेज के लिए नवविवाहिता की हत्या, पोखर में मिला शव; ससुराल वाले फरार
