अरवल में शादी के 5 महीने बाद ही दहेज के लिए नवविवाहिता की हत्या, पोखर में मिला शव; ससुराल वाले फरार
अरवल के मानिकपुर थाना क्षेत्र में दहेज के लिए एक नवविवाहिता की हत्या कर दी गई, जिसका शव पोखर से ...और पढ़ें

दहेज के लिए नवविवाहिता की हत्या (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
अरवल में दहेज के लिए नवविवाहिता की हत्या हुई।
शादी के पांच महीने बाद पोखर से शव बरामद।
ससुराल वालों पर हत्या का आरोप, वे फरार।
जागरण संवाददाता, अरवल। जिले के मानिकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कैथी लोदीपुर गांव में दहेज के लिए एक नवविवाहिता की हत्या का मामला सामने आया है। घर से करीब 150 मीटर दूर पोखर से साड़ी में लिपटा महिला का शव बरामद किया गया है।
महिला की पहचान कैथी लोदीपुर निवासी बिरजू कुमार चौधरी की 19 वर्षीय पत्नी सुमन कुमारी के रूप में हुई है। करीब पांच महीने पहले दोनों की शादी हुई थी। सुमन जहानाबाद जिले के टेहटा थाना क्षेत्र के कोहरा गांव निवासी कृष्णा चौधरी की पुत्री है।
रुपये और मोटरसाइकिल की मांग
घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर में ताला जड़कर फरार हो गए। सुमन के पिता कृष्णा चौधरी और भाई सनोज कुमार के अनुसार सुमन की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को ठिकाना लगाने के इरादे से पोखर में फेंक दिया गया।

शादी के महज दो महीने बाद से ही ससुराल वालों के द्वारा दहेज में रुपये और मोटरसाइकिल की मांग की जाने लगी थी, नहीं देने पर सुमन को प्रताड़ित किया जा रहा था। सुमन फोन के माध्यम से माता-पिता को मारपीट और प्रताड़ना की जानकारी देती थी।
अज्ञात व्यक्ति के फोन से सुमन की मौत की सूचना
13 अक्टूबर की रात उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति के फोन से सुमन की मौत की सूचना मिली। जब वे ससुराल पहुंचे, तो घर के मुख्य द्वार पर ताला लगा हुआ था। इसके बाद उन्होंने मानिकपुर थाना पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच के दौरान पोखर से सुमन का शव बरामद किया।
सुमन के पिता व भाई ने उसके पति बिरजू कुमार चौधरी, ससुर जुगल चौधरी, जेठ मुन्ना चौधरी, देवर सुधीर चौधरी और सास उर्मिला देवी पर हत्या का आरोप लगाया है। इस बाबत पूछने पर थाना अध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा। मामले की गहराई से जांच की जा रही है। पीड़ित पक्ष का आवेदन मिलने पर उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
