तेजस्वी के कार्यक्रम को विफल करने में लगी पुलिस
अरवल। राजद की जिला इकाई ने पुलिस प्रशासन के लोगों पर आगामी 26 अक्टूबर को करपी में पूर्व उपमुख्यमंत्री व प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव की सभा को विफल किए जाने की कोशिश का आरोप लगाया है।
अरवल। राजद की जिला इकाई ने पुलिस प्रशासन के लोगों पर आगामी 26 अक्टूबर को करपी में पूर्व उपमुख्यमंत्री व प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव की सभा को विफल किए जाने की कोशिश का आरोप लगाया है। उनलोगों का कहना है कि छात्रों द्वारा आईटीआई की परीक्षा का बहिष्कार कर सड़क जाम किया जा रहा था। लेकिन उनलोगों को उससे कोई लेना देना नहीं था। पार्टी के जिलाध्यक्ष रामाशीष रंजन ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के कार्यक्रम को लेकर पार्टी के जिला कार्यालय में बैठक आयोजित की जा रही थी। बैठक के बाद जैसे ही कार्यकर्ता कार्यालय से बाहर निकले वहां मौजूद बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों ने उनलोगों पर लाठियां बरसायी। इतना ही नहीं मेरे अलावा पांच सौ अज्ञात छात्रों पर प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई। उन्होंने कहा कि प्रशासन के लोग हमारे नेता तेजस्वी यादव के कार्यक्रम को विफल करने में लगे हुए हैं। यही कारण है कि जिस सड़क जाम से उनलोगों को कोई लेना देना नहीं था उसमें भी उन्हें तथा उनके पार्टी के कार्यकर्ताओं को फंसाया गया है। उन्होंने कहा कि इसके जरिए प्रशासन के लोग न्याय यात्रा को टारगेट कर उसे असफल करने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी कार्यकर्ता एकजुट हैं और वे लोग प्रशासन की मनसूबे को सफल नहीं होने देंगे। तेजस्वी की सभा एतिहासिक होगी।