1 साल में बदले 132 सिम कार्ड, THAR से जमाता था रौब; 10 करोड़ की साइबर ठगी में अरवल से पंचायत सचिव गिरफ्तार
मध्य प्रदेश की रायगढ़ पुलिस ने पटना एसटीएफ और कलेर थाना पुलिस के सहयोग से कलेर के पंचायत सचिव टोनी कुमार को गिरफ्तार किया है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
पंचायत सचिव टोनी कुमार 10 करोड़ की साइबर ठगी में गिरफ्तार।
रायगढ़ पुलिस ने पटना एसटीएफ की मदद से कलेर में दबोचा।
एक वर्ष में 132 अलग-अलग सिम कार्ड का इस्तेमाल किया।
संवाद सूत्र, कलेर (अरवल)। करीब 10 करोड़ की साइबर ठगी और 132 सिम कार्ड के इस्तेमाल से जुड़े मामले में मध्य प्रदेश की रायगढ़ पुलिस ने पटना एसटीएफ और कलेर थाना पुलिस के सहयोग से शनिवार की रात कलेर प्रखंड के पंचायत सचिव टोनी कुमार को गिरफ्तार किया है।
टोनी कुमार पिता संजय राम गोपालगंज जिले के छपिया गांव के निवासी बताए जाते हैं। कलेर प्रभारी थानाध्यक्ष गुड्डू कुमार ने बताया कि पंचायत सचिव टोनी कुमार को रायगढ़ पुलिस साइबर क्राइम के मामले में गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई है।
उसके खिलाफ रायगढ़ थाने में कांड संख्या 282/26 दर्ज है। पुलिस जांच में एक वर्ष के दौरान टोनी कुमार द्वारा 132 अलग-अलग सिम कार्ड इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है।

कलेर बीडीओ सुशील कुमार के अनुसार शनिवार की रात मध्य प्रदेश पुलिस के साथ पटना एसटीएफ की टीम टोनी कुमार को गिरफ्तार करने कलेर पहुंची थी।
रायगढ़ पुलिस ले गई साथ
कलेर थाना पुलिस के सहयोग से कार्रवाई पूरी की गई और गिरफ्तारी के बाद रायगढ़ पुलिस उसे अपने साथ ले गई। पंचायत सचिव के रूप में काम करने वाले व्यक्ति के खिलाफ इतने बड़े साइबर अपराध के आरोप में गिरफ्तारी के बाद प्रखंड स्तर पर भी मामला चर्चा का विषय बन गया है।
थार से घूमता था पंचायत सचिव
पंचायत सचिव कलेर में प्रखंड कर्मियों के आवास में रह रहा था और काले रंग की थार से घूमता था, महंगे मोबाइल फोन का इस्तेमाल करता था।
अब जांच एजेंसियों की नजर साइबर नेटवर्क से जुड़े मोबाइल नंबरों, सिम कार्ड, बैंक खातों, डिजिटल लेनदेन और अन्य संदिग्ध लोगों पर है। पुलिस जांच में यदि आरोपों की पुष्टि होती है तो मामले में साइबर ठगी के नेटवर्क की पूरी तस्वीर सामने आ सकती है।
