गंगा उत्सव का डीएम ने किया शुभारंभ
अरवल राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के तहत आजादी के अमृत एवं गंगा उत्सव एक नदी एक त्योहार के पांचवें साल के तहत गंगा बेल्ट एवं बेसिन क्षेत्र में गंगा उत्सव का शुभारंभ किया गया।
अरवल : राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के तहत आजादी के अमृत एवं गंगा उत्सव एक नदी एक त्योहार के पांचवें साल के तहत गंगा बेल्ट एवं बेसिन क्षेत्र में गंगा उत्सव का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी जे प्रियदर्शनी सोन नदी के अहियापुर घाट पर शुभारंभ किया। इस वर्ष गंगा उत्सव एक से तीन नवम्बर तक आयोजित किया जा रहा है। गंगा उत्सव 21 नदी महोत्सव न केवल गंगा नदी बल्कि देशभर की सभी नदियों के लिए मनाया जा रहा है। गंगा उत्सव समारोह आजादी के 75 साल और आजादी के अमृत महोत्सव के लिए चल रहे समारोह का हिस्सा है। इसका उदे्श्य जल संरक्षण व जल स्त्रोतों की सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक करना है।
जिलाधिकारी ने बताया कि हमारे देश में सदियों पुरानी नदियों से जुड़ी परंपराओं से लोगों को जोड़ने के लिए इसे मनाया जा रहा है। गंगा महोत्सव का शुभारंभ स्कूली बच्चों द्वारा प्रभातफेरी निकाल कर किया गया। जिलाधिकारी द्वारा अहियापुर घाट पर प्रभातफेरी का स्वागत किया गया। अहियापुर घाट पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मियों एवं आम जनता द्वारा श्रमदान कर घाट के किनारे फैले कचरे की साफ-सफाई करते हुए गंगा उत्सव का शुभारम्भ किया गया। उत्सव का उद्देश्य हितधारकों को जुड़ाव को बढ़ावा देना। सोन नदी के तटीय क्षेत्रों में सार्वजनिक भागीदारी सुनिश्चित करना है। यह उत्सव सोन नदी के संरक्षण में जन भागीदारी के महत्व पर जोर देगा। सोन नदी के कायाकल्प के लिए हितधारकों का जुड़ाव और जन भागीदारी को प्रोत्साहित करने पर ध्यान केंद्रित किया जायेगा। इसके लिए कई प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।