नदी में डूबने से बालक की मौत
अरवल। वंशी थाना क्षेत्र के बलौरा गांव में मंगलवार को पुनपुन नदी में डूब जाने के कारण एक बाल
अरवल। वंशी थाना क्षेत्र के बलौरा गांव में मंगलवार को पुनपुन नदी में डूब जाने के कारण एक बालक की मौत हो गई है। मृतक गांव के ही रामप्रवेश पंडित के आठ साल का पुत्र आकाश बताया जाता है। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस वहां पहुंची तथा घटना के बारे में जानकारी हासिल की। इस बालक की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। कई घरों में छठ पर्व भी स्थगित हो गया। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार आकाश की मां छठ पूजा को लेकर नहाय खाय के लिए प्रसाद बनाने के पूर्व पुनपुन नदी में स्नान करने गई थी। संयोग से मां के साथ वह भी चला गया। जानकारी के मुताबिक मां स्नान कर पास में अवस्थित सूर्य मंदिर में पूजा अर्चना करने चली गई। मां को वहां नहीं देख वह भी नदी में स्नान करने के लिए चला गया। स्नान करने के दौरान ही वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उससे कुछ दूरी पर स्नान कर रहे लोगों ने शोर मचाया। तब तक वह डूब चुका था। उनलोगों द्वारा उसे नदी से बाहर निकाला गया और उसे उपहारा गांव के एक निजी क्लिनिक में ले जाया गया। हालांकि उसे वहां ले जाते ही चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।