अरवल में यूपी की शिक्षिका का फंदे से लटका मिला शव, वायुसेना में जवान पति पर पिता ने लगाए गंभीर आरोप
अरवल के करपी स्थित बेलखारा कन्या विद्यालय में पदस्थापित शिक्षिका मानसी रानी का शव उनके किराये के कमरे में फंदे ...और पढ़ें

यूपी की रहनेवाली बीपीएससी शिक्षका का कमरे में मिला शव। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
अरवल में शिक्षिका मानसी रानी का शव फंदे से मिला।
पिता ने पति पर प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की गहन जांच कर रही है।
संवाद सहयोगी, करपी (अरवल)। अरवल जिले के शहर तेलपा थाना क्षेत्र के बेलखारा कन्या विद्यालय में पदस्थापित 28 वर्षीय शिक्षिका मानसी रानी का शव रविवार को उनके किराये के कमरे में फंदे से लटका मिला।
घटना दीपावली की सुबह आठ नवंबर की है। शिक्षिका की मौत की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतका मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के धामपुर थाना क्षेत्र स्थित कुबेर गांव की रहने वाली थीं। उनके पति मित्रपाल सिंह वायुसेना में जवान हैं।
मानसी रानी की नियुक्ति नवंबर 2023 में बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के माध्यम से प्राथमिक शिक्षिका के पद पर हुई थी। वह बेलखारा कन्या विद्यालय में पदस्थापित थीं।
दूसरी शिक्षिका के साथ एक ही मकान में रहती थीं
जानकारी के अनुसार, मानसी रानी के साथ उसी विद्यालय में उत्तर प्रदेश की रहने वाली शिक्षिका नीलम यादव ने भी योगदान किया था।
दोनों बेलखारा गांव में विनोद मिस्त्री के मकान में किराये पर रहती थीं। हालांकि, दोनों के कमरे अलग-अलग थे। नीलम अपने बच्चों के साथ रहती थीं, जबकि मानसी अकेले रहती थीं।
रविवार की सुबह काफी देर तक मानसी के कमरे का दरवाजा नहीं खुला। इस पर मकान मालिक को अनहोनी की आशंका हुई।
उन्होंने खिड़की से कमरे के अंदर झांककर देखा तो मानसी का शव पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम के साथ फॉरेंसिक विशेषज्ञ भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की।
पिता ने पति पर लगाया प्रताड़ना का आरोप
घटना की जानकारी मिलने पर मानसी के पिता कोमल सिंह चौहान और मां संतोषी देवी उत्तर प्रदेश से अरवल पहुंचे। पिता कोमल सिंह चौहान आइटीबीपी में रायपुर में तैनात हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही मानसी को उनके पति प्रताड़ित करते थे। इसी से परेशान होकर उनकी बेटी ने यह कदम उठाया।
पिता के अनुसार, मानसी और मित्रपाल सिंह की शादी 19 फरवरी 2024 को शादी डाटकाम के माध्यम से तय हुए रिश्ते के आधार पर हुई थी।
उन्होंने बेटी की मौत के लिए उसके पति को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस की जांच के बाद ही चल सकेगा।
घटना की सूचना पर अरवल पहुंचे पति
मानसी की मौत की सूचना मिलने के बाद उनके पति मित्रपाल सिंह भी अरवल पहुंचे। वह वायुसेना में जवान हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। शिक्षिका की असामयिक मौत से उनके स्वजन और परिचितों में शोक का माहौल है।