अरवल में ज्वेलर की कनपट्टी में सटाकर मारी गोली, मौके पर मौत; साथी दुकानदार घायल
अरवल के कुर्था-किंजर मार्ग पर ढोंढरा मोड़ के पास दो नकाबपोश बाइक सवार अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी मनोज स्वर्णकार की गोली मारकर हत्या कर दी।

घटना के बाद लोगों की लगी भीड़। (जागरण)
HighLights
स्वर्ण व्यवसायी मनोज स्वर्णकार की गोली मारकर हत्या।
दो नकाबपोश बाइक सवार अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया।
साथी श्रृंगार दुकानदार राधा कृष्ण मिश्र भी घायल हुए।
संवाद सूत्र, कुर्था (अरवल)। थाना क्षेत्र में एसएच -69 कुर्था -किंजर मार्ग पर ढोंढरा मोड़ के पास गुरुवार की शाम दो नकाबपोश बाइक सवार अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी।
घटना के वक्त स्वर्ण व्यवसायी के साथ रहे एक श्रंगार दुकानदार भी गोलीबारी में आंशिक रूप से जख्मी हो गए। मोतेपुर बाजार से ऑटो पर सवार होकर दुकान से घर लौटते वक्त अपराधियों ने व्यवसायी को निशाना बनाया, उनको सिर व सीने में करीब तीन गोलियां मारी गई।
मृत स्वर्ण व्यवसायी मनोज स्वर्णकार मूल रूप से अरवल सदर थाना क्षेत्र के बैदराबाद गांव के निवासी थे। वर्तमान में कुर्था बाजार में मकान बनाकर परिवार संग रह रहे थे।
घर से करीब 4 किलोमीटर दूर मोतेपुर बाजार में उनकी सोने-चांदी की दुकान है। आंशिक रूप से जख्मी 60 वर्षीय राधा कृष्ण मिश्र कुर्था के मुबारकपुर गांव के निवासी हैं, उनके पैर व कंधे पर गोली का छर्रा लगा है। हत्याकांड को लेकर भाकपा माले ने शुक्रवार को बाजार बंद करने का आह्वान किया है।
ऑटो पर सवार होकर जा रहे घर
राधा कृष्ण मिश्र ने बताया कि मोतेपुर बाजार में मनोज के बगल में ही मेरी श्रृंगार की दुकान है। शाम में दोनों दुकान बंद कर अपने-अपने घर लौट रहे थे।
लगभग पांच बजे मोतेपुर बाजार में एक ऑटो पर दोनों सवार हुए, मनोज सोनार किनारे और मैं बीच वाली सीट पर बैठा, मेरे बगल में एक महिला पहले से बैठी थी।
ऑटो चलकर ढोंढरा मोड़ पहुंचा, तभी नकाबपोश दो बाइक सवार नजदीक आए और मनोज की कनपट्टी पर पिस्तौल सटाकर ताबड़तोड़ तोड़ गोलियां दाग दी। इस गोलीबारी में छर्रा लगने मैं आंशिक रूप से जख्मी हो गया। जबकि पास बैठी महिला बाल-बाल बच गई।
सूचना पर डायल 112 की पुलिस पहुंची और दोनों को इलाज के लिए कुर्था पीएचसी ले गए ,जहां से मनोज को अरवल सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
वहां चिकित्सक ने जांच के उपरांत स्वर्ण व्यवसायी को मृत घोषित कर दिया। मैं इलाज के बाद अब खतरे से बाहर हूं। कुर्था -किंजर मार्ग पर घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार दोनों बदमाश किंजर की तरफ भाग निकले।
पूर्व में तीन बार जानलेवा हमले पर पुलिस ने नहीं लिया संज्ञान
स्वजन के अनुसार, स्वर्ण व्यवसायी पर पूर्व में तीन बार अपराधियों ने जानलेवा हमला किया था। पहली बार अपराधियों ने व्यवसायी की बाइक छीन ली थी।
दूसरी व तीसरी बार उसी स्थान जानलेवा हमला हुआ था, जिसमें किसी प्रकार जान बचा कर भाग निकले थे। इस बार गोली मार कर उनकी हत्या ही कर दी गई।
पूर्व में हुए तीनों हमले की प्राथमिकी कुर्था थाने में दर्ज कराई गई थी, जिसमें अज्ञात हमलावरों को आरोपित किया गया था, लेकिन पुलिस ने घटना को गंभीरता से नहीं लिया, हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी, नतीजा, उनकी जान चली गई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।