विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अररिया में 2 लाख दहेज के लिए मोबाइल पर दिया तीन तलाक, मारपीट कर विवाहिता को घर से निकाला

Published: Thu, 24 Sep 2026 03:01 PM (IST)

अररिया के पिपरा विजवार गांव में एक विवाहिता को दो लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर मोबाइल पर तीन तलाक देकर मारपीट कर घर से निकाल दिया गया।

अररिया में 2 लाख दहेज के लिए मोबाइल पर दिया तीन तलाक (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

अररिया में 2 लाख दहेज के लिए मोबाइल पर दिया तीन तलाक (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. दहेज के लिए मोबाइल पर दिया गया तीन तलाक।

  2. पीड़िता नासरीन ने पति सहित सात पर मामला दर्ज कराया।

  3. दो लाख रुपये दहेज की मांग का आरोप है।

संवाद सूत्र, पलासी (अररिया)। प्रखंड क्षेत्र के पिपरा विजवार गांव में कथित दहेज स्वरूप दो लाख रुपये की मांग को लेकर मोबाइल से तीन तलाक देकर मारपीट कर विवाहिता को घर से निकालने का मामला सामने आया है। इस मामले में पीड़िता नासरीन ने पलासी थाना में पति सहित सात लोगों के विरुद्ध नामजद मामला दर्ज करायी है। जिसमें पति नईम उद्दीन, ससुर जाकिर हुसैन, सास कुरेशा, रहीम, असकार सहित अन्य लोगों को आरोपित किया गया है। 

घटना बीते 31 अगस्त की बतायी गयी है। विलंब से थाना में सूचना का कारण पंचायती बतायी गयी है। दर्ज मामले में पीड़िता ने उल्लेख किया है कि मेरी निकाह 22 फरवरी 2023 को मुस्लिम रीति रिवाज से पिपरा विजवार गांव के नईम उद्दीन से हुई थी। 

छह माह तक ससुराल में ठीक ढंग से रखा

शादी के समय मायके वालों द्वारा बाइक, जेबरात सहित अन्य कीमती उपहार दिया गया था। शादी के बाद मैं अपने ससुराल में रहने लगी। जिससे मुझे एक नौ माह का पुत्र भी है। शादी के बाद करीब छह माह तक मुझे ससुराल में ठीक ढंग से रखा। 

तत्पश्चात दहेज स्वरूप दो लाख रुपये की मांग को लेकर पति सहित ससुराल वालों द्वारा प्रताड़ित किया जाने लगा। मैंने कहा कि शादी के समय ही उपहार स्वरूप बाइक, जेबरात व कीमती सामान दे दिया गया है। इसी दौरान बीते 31 अगस्त की संध्या करीब सात बजे मेरे पति ने मोबाइल पर बाहर से ही तीन तलाक दे दिया। 

मारपीट कर घर से निकाल दिया

साथ ही उक्त सबों ने दहेज की मांग को लेकर मारपीट कर घर से निकाल दिया। तत्पश्चात मैंने मोबाइल से इसकी सूचना अपने मायके वालों को दी। मायके वाले आकर मुझे अपने साथ ले गये। इस संबंध में थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गयी है।

यह भी पढ़ें- नेपाल से लाकर घर में छिपा रखा था 42 किलो गांजा, अररिया पुलिस की छापेमारी ने किया बरामद