विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अररिया में 'सुपर हमसफर' पर IT का शिकंजा: 100 करोड़ की टैक्स चोरी का अनुमान, टीम से हाथापाई में मालिक गिरफ्तार

Published: Thu, 13 Aug 2026 08:19 PM (IST)

फारबिसगंज में सुपर हमसफर बस सर्विस के ठिकानों पर आयकर विभाग की दूसरे दिन भी छापामारी जारी रही, जिसमें 100 करोड़ रुपये सालाना कर चोरी का अनुमान है।

अररिया में 'सुपर हमसफर' पर IT का शिकंजा

अररिया में 'सुपर हमसफर' पर IT का शिकंजा

HighLights

  1. सुपर हमसफर बस सर्विस पर दूसरे दिन भी आयकर छापा।

  2. 100 करोड़ रुपये सालाना कर चोरी का शुरुआती अनुमान।

  3. बस मालिक अबसार आलम समेत तीन गिरफ्तार, जेल भेजे गए।

संवाद सूत्र, फारबिसगंज (अररिया)। फारबिसगंज में सुपर हमसफर बस सर्विस के चार ठिकानों पर आयकर विभाग की छापामारी दूसरे दिन गुरुवार को भी जारी रही। इस दौरान आयकर विभाग के दो दर्जन से अधिक अधिकारी सुपर हमसफर बस सर्विस के शहर में तीन स्थानों स्थित कार्यालय एवं रामपुर दक्षिण स्थित आवास में टैक्स संबंधित चोरी मामले की छानबीन में जुटे रहे।

इधर, आयकर अधिकारियों से बुधवार को बस संचालक के रामपुर दक्षिण स्थित आवास पर दुर्व्यवहार एवं मारपीट मामले में केस दर्ज के बाद गिरफ्तार सुपर हमसफर बस सर्विस के मालिक अबसार आलम, उसके भाई असलम समेत एक अन्य सुपौल निवासी अकीम आलम को पुलिस ने जेल भेज दिया।

आयकर विभाग के कार्यालय उप निदेशक अन्वेषण ब्यूरो भागलपुर के आयकर निरीक्षक अवध किशोर साह के आवेदन पर फारबिसगंज थाना में कांड 513/26 दर्ज हुआ है। जिसमें 11 नामजद और 15 अज्ञात शामिल है। वहीं खास बात यह है कि नामजद आरोपितों में चार महिला भी शामिल हैं।

दर्ज केस में आयकर विभाग की टीम के साथ अभद्र व्यवहार, छीनाझपटी, अधिकारियों के साथ मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और जांच में आयकर विभाग की टीम को सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया गया है।

छापामारी आयकर विभाग अन्वेषण ब्यूरो की उप निदेशक सुनीता कुमारी के नेतृत्व में की जा रही है। बताया जाता है कि छापामारी की गठित स्पेशल टीम में पूर्णिया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, धनबाद, रांची आदि के 24 अधिकारी और कर्मी शामिल हैं।

आयकर विभाग की उप निदेशक के अलावा कई आयकर अधिकारी स्थानीय थाना में दर्ज केस को लेकर मौजूद दिखे। इस दौरान आयकर अधिकारी काफी सख्त नजर आए। मानो यह संदेश दे रहे हों कि टैक्स चोरी ऊपर से सीना जोड़ी नहीं चलेगी। टैक्स चोरी की पाई पाई का हिसाब उन्हें देना पड़ेगा।

वहीं, टीम के एक अधिकारी ने अपरोक्ष रूप से बताया कि ट्रेवल्स कंपनी के द्वारा भारी मात्रा में कर चोरी का मामला शुरुआती जांच में आया है। सुपर हमसफर ट्रेवल्स की करीबन दो सौ बस संचालित है और शुरुआती दौर में करीबन एक सौ करोड़ रुपये सालाना कर चोरी का अनुमान है।

बताया जाता है कि छापामारी के दौरान आयकर अधिकारियों के द्वारा बड़ी मात्रा में डिजिटल उपकरण, दस्तावेज आदि की बरामदगी हुई है। जिससे अघोषित आय एवं बेनामी संपतियों के खुलासा होने की बात कही जा रही है।

छापामारी दो दिन और चलने की संभावना जताई जा रही है। आयकर विभाग की छापामारी पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि इस कंपनी ने कितने की सालाना टैक्स चोरी की है।

यह भी पढ़ें- अररिया: बस कंपनी के 4 ठिकानों पर आयकर का छापा, उपनिदेशक और पदाधिकारियों से मारपीट